बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा

ज्ञान दिशा स्कूल में विज्ञान एवं गणित प्रयोगशाला का उद्घाटन एवं विश्व स्वास्थ्य दिवस का आयोजन

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

हिंगोना। ज्ञान दिशा स्कूल में विज्ञान एवं गणित प्रयोगशाला का भव्य उद्घाटन किया गया तथा विश्व स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह समस्त आयोजन इको स्कूल्स प्रोजेक्ट के अंतर्गत किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील सिंघल एवंसमाजसेवी सीए ओम बांठिया द्वारा विधिवत फीता काटकर प्रयोगशाला का उद्घाटन किया गया। उक्त नई प्रयोगशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान एवं गणित विषयों की व्यावहारिक समझ को और सुदृढ़ करने का अवसर मिलेगा।

विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर डॉ. सुनील सिंघल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए दैनिक स्वच्छता, संतुलित आहार एवं नियमित दिनचर्या के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों में मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से उत्पन्न हो रही स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति सचेत करते हुए सीमित उपयोग की सलाह दी। समाजसेवी सीए ओम बांठिया ने अपने उद्बोधन में बच्चों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि एक स्वस्थ बालक ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन अपनाने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

संस्थाप्रधान विशाल पटवारी ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को घर पर भोजन करते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में सुधार ही बड़े बदलाव का आधार बनता है।

विद्यालय की सचिव श्वेता पटवारी ने इको स्कूल्स प्रोजेक्ट के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा विश्व स्वास्थ्य दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा स्वस्थ आदतों, अच्छे एवं खराब भोजन पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए गए, योगिक क्रियाओं का प्रदर्शन किया गया तथा विषय से संबंधित सुंदर चित्र बनाकर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया गया।

कार्यक्रम का समापन उत्साह, जागरूकता एवं सकारात्मक ऊर्जा के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने का संकल्प लिया।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button