बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

बीकानेर: कांग्रेस ने मतदाता पुनरीक्षण में अनियमितताओं की जांच के लिए कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

बीकानेर, 16 जनवरी 2026

बीकानेर जिला कांग्रेस कमेटी के नेताओं ने जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया में हुई अनियमितताओं के संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा द्वारा बड़े पैमाने पर फॉर्म-7 जमा करवाकर मताधिकार में छेड़छाड़ की कोशिश की गई।

ज्ञापन में मांग की गई कि जमा किए गए फॉर्म-6, 7 और 8 की संकलित सूचियां उपलब्ध करवाई जाएं और फर्जी हस्ताक्षरों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला और भंवरसिंह भाटी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के बूथों की पारदर्शिता से जाँच कराने की आवश्यकता पर जोर दिया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने की बात कही।

पूर्व जिलाध्यक्ष और पूर्व प्रत्याशी यशपाल गहलोत ने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने बताया कि जिले के कई बूथों पर भाजपा नेताओं द्वारा फॉर्म-7 भरवाकर कांग्रेस विचारधारा के मतदाताओं के वोट काटने की कोशिश की गई। इनमें कई फॉर्मों में फर्जी और जाली हस्ताक्षर भी पाए गए हैं।

शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने कहा कि चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार व्यक्तिगत मतदाता केवल एक फॉर्म जमा कर सकता है और राजनीतिक दल अधिकतम 10 फॉर्म ही जमा करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में हजारों फॉर्म एक साथ जमा किए गए, जो नियमों के विपरीत है।

जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव प्रहलादसिंह मार्शल ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष, पूर्व मंत्री, पूर्व जिलाध्यक्ष, महिला एवं अल्पसंख्यक नेता, यूथ कांग्रेस एवं एनएसयूआई अध्यक्ष सहित कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल रहे।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सभी अनियमितताओं की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि लोकतंत्र की रक्षा की जा सके।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button