उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
मंडलायुक्त की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था व राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक सम्पन्न

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 29 दिसम्बर 2025 (सू.वि.)
मंडलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार, बस्ती में कानून व्यवस्था, राजस्व वसूली एवं कर करेत्तर से संबंधित मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल के अंतर्गत संचालित विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों को लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने प्रवर्तन से जुड़े अधिकारियों को डग्गामार वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग करने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर बेतरतीब खड़े वाहनों तथा ड्रिंक एंड ड्राइव मामलों में प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को समय-समय पर सैम्पलिंग कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।
न्यायालय से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने धारा 34 एवं 67 से जुड़े मामलों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की राजस्व वसूली अपेक्षित प्रगति से पीछे है, वे ठोस कार्ययोजना बनाकर निरंतर अभियान चलाएं।
आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं शासन से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि न होने पाए और नियमित रूप से अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए।
बैठक का संचालन अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी ने किया। बैठक में जिलाधिकारी बस्ती श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर शिवशरणप्पा जी.एन., जिलाधिकारी संतकबीरनगर आलोक कुमार, तीनों जिलों के पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान एवं प्रशासनिक अधिकारी संतोष कुमार पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


