जम्मू कश्मीरदेशपुंछब्रेकिंग न्यूज़
ओपी हिल युद्ध की हीरक जयंती समारोह – वीर सैनिकों को दी गई श्रद्धांजलि, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ समापन

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ
बलनोई (पुंछ):
ऐतिहासिक ओपी हिल युद्ध (1965) की हीरक जयंती (60वीं वर्षगांठ) के उपलक्ष्य में भारतीय सेना द्वारा पिछले 15 दिनों से पुंछ, बलनोई, मांकोट, खारी कर्मारा और झलास सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में कई स्मृति और जनसंपर्क कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इन कार्यक्रमों में सीमांत विद्यालयों में प्रेरणादायक व्याख्यान, मोबाइल तारामंडल प्रदर्शन, टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट, टैलेंट हंट प्रतियोगिता और खेल सामग्री वितरण जैसे आयोजन शामिल रहे, जिनका उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करना और सेना तथा नागरिकों के बीच संबंधों को मजबूत बनाना था।
समारोह का समापन बलनोई स्थित ओपी हिल स्मारक स्थल पर हुआ, जहां वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु शहीद सैनिकों के सम्मान में पुष्पचक्र अर्पण (Wreath Laying Ceremony) और गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया गया। यह समारोह उन अमर वीरों की याद में समर्पित था जिन्होंने 1965 के भारत-पाक युद्ध में ओपी हिल को पुनः प्राप्त करने के लिए अदम्य साहस और बलिदान का परिचय दिया।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल पी. के. मिश्रा, जीओसी 16 कॉर्प्स तथा मेजर जनरल कौशिक मुखर्जी, जीओसी 25 इन्फेंट्री डिवीजन सहित युद्ध के वरिष्ठ वीर योद्धा कर्नल रंधीर सिंह (एसएम) (सेवानिवृत्त) और कर्नल रावेल सिंह (सेवानिवृत्त) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में 7 सिख, 5 सिख लाई, 2 डोगरा, 2 गढ़वाल, 23 फील्ड रेजिमेंट और 169 मीडियम रेजिमेंट के सैनिकों ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में गटका, कलारीपयट्टु, गोजरी लोकनृत्य और रेत कला (Sand Art) जैसी शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। प्रसिद्ध सैंड आर्ट कलाकार राहुल आर्य द्वारा वीर सैनिकों को समर्पित कलात्मक प्रस्तुति ने भावनात्मक माहौल बना दिया।
कार्यक्रम के समापन पर दिव्यांगजन को व्हीलचेयर वितरण किया गया, जो भारतीय सेना की “शौर्य, सम्मान और सेवा” की परंपरा का प्रतीक है।

Subscribe to my channel


