देशब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थानशिक्षास्वास्थ्य

आरपीएस पब्लिक स्कूल में संस्थापक स्व. डॉ. ओ.पी. यादव की पुण्यतिथि पर सेना के लिए आयोजित हुआ 60वाँ रक्तदान शिविर

प्राचार्य रमनप्रीत कौर ने संयोजक दिनेश बेदी को किया सम्मानित भारतीय सेना के घायल सैनिकों के लिए 319 यूनिट रक्तदान

संवाददाता दीपक शर्मा

 

 शनिवार का दिन आरपीएस परिवार के लिए बेहद भावुक और स्मरणीय रहा। आरपीएस समूह के संस्थापक, प्रेरणास्रोत एवं समाजसेवी ‘बाबूजी’ स्वर्गीय डॉ. ओ.पी. यादव की दूसरी पुण्यतिथि के अवसर पर विद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। इसके पश्चात् समूह अध्यक्षा एवं चेयरपर्सन डॉ. पवित्रा यादव, विद्यालय की प्राचार्या रमनप्रीत कौर, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने संस्थापक महोदय की प्रतिमा पर पुष्पमालाएँ अर्पित कर उन्हें नमन किया। विद्यालय परिसर श्रद्धा और कृतज्ञता से गूंज उठा।

इस अवसर पर युवा जीवन रक्षक समिति भिवाड़ी के संयोजक दिनेश बेदी की ओर से आरपीएस पब्लिक स्कूल में 60वां रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य भारतीय सेना के घायल एवं बीमार सैनिकों के लिए रक्त एकत्रित करना था। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्या रमनप्रीत कौर ने संयोजक दिनेश बेदी को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके इस सेवाभावी प्रयास के लिए सम्मानित किया।

इस रक्तदान शिविर में उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। लगभग 70 लोगों ने पहली बार रक्तदान किया, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी अपना योगदान दिया। धौला कुआँ से सेना की मेडिकल टीम सूबेदार एल बी आनंदा और हवलदार डोंगरे गोरख के नेतृत्व में विशेष रूप से विद्यालय पहुँची और एकत्रित कर 319 यूनिट रक्त भारतीय सेना के रक्तकोष को समर्पित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय समूह अध्यक्षा एवं चेयरपर्सन डॉ. पवित्रा यादव ने कहा – “रक्तदान वास्तव में महादान है। हमारे सैनिक देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देते हैं। ऐसे में समाज के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि सैनिकों की सहायता के इस पुण्य कार्य में अपना योगदान अवश्य दें।”

विद्यालय के सी.ई.ओ इंजीनियर मनीष राव ने इस शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी रक्तदाताओं, अभिभावकों, समाजसेवी संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन बाबूजी के सपनों के अनुरूप समाज सेवा और राष्ट्र सेवा का आदर्श प्रस्तुत करता है।पुण्यतिथि एवं रक्तदान शिविर का यह संयुक्त आयोजन न केवल बाबूजी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करने का अवसर बना, बल्कि उपस्थित सभी लोगों के लिए समाज और राष्ट्र के प्रति सेवा भावना को और प्रगाढ़ करने वाला क्षण भी रहा।

इस अवसर पर आरपीएस शिक्षा समूह, युवा जीवन रक्षक समिति, सर्व सेवा संस्थान, द नेशनल अजर सेवा संस्थान, भिवाड़ी स्पोर्ट्स क्लब, मानव मंगल विकास समिति, गोपीनाथ अस्पताल भिवाड़ी, श्रीराम सेवा समिति एवं सोमा ट्रेवल के सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी और सहयोग प्रदान किया।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button