श्रावण मास के तृतीय सोमवार को लेकर जनपद खीरी में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक खीरी श्री संकल्प शर्मा ने थाना गोला में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मेले की तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में एसपी संकल्प शर्मा ने श्रावण सोमवार के अवसर पर लगने वाले मेले के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को ध्यान में रखते हुए हर आवश्यक बिंदु पर गहन मंथन किया गया है। सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं और आपातकालीन सेवाओं की तैनाती जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने यह भी निर्देशित किया कि पुलिस बल के साथ-साथ अन्य संबंधित विभागों का समन्वय बेहतर होना चाहिए, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। मेला क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी, CCTV कैमरे, क्विक रिस्पांस टीम और महिला पुलिस की विशेष तैनाती पर भी जोर दिया गया।
संकल्प शर्मा ने कहा:
“श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। मेला शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित हो, इसके लिए हम सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं। आमजन सहयोग करें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नजदीकी पुलिस कर्मियों को अवगत कराएं।”
इस अवसर पर अन्य पुलिस अधिकारीगण, स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधि एवं मेला आयोजन से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे।