देशबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बीकानेर: गौ सेवक कैप्टन दिनेश सिंह भदौरिया ने गौ पालकों को किया सतर्क, घायल गायों की अवैध खरीद-फरोख्त का बड़ा खुलासा

बीकानेर से डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर में गौ माता और नंदी की सेवा के लिए हर वक्त तैयार रहने वाले जाबांज गौ सेवक कैप्टन ठाकुर दिनेश सिंह भदौरिया, जो टीम सावधान इंडिया 077 के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष और गौ सेवा टास्क फोर्स इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, ने शहर के गौ पालकों को विशेष सावधानी बरतने की अपील जारी की है।
उन्होंने बताया कि कई बार ऐसा होता है जब सड़क दुर्घटनाओं में घायल गौ माता या नंदी को कुछ कथित गौ सेवक अस्पताल में इलाज के नाम पर ले जाते हैं, लेकिन इलाज के बाद उनकी असली नीयत सामने आती है। कई घटनाओं में यह पाया गया है कि इलाज के नाम पर उठाई गई गायों को कुछ दिन पशु अस्पताल में रखने के बाद गुपचुप तरीके से उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में या सस्ते दामों पर बेच दिया जाता है। कई बार गौ पालकों को यह पता तक नहीं चलता कि उनकी गाय कहां चली गई।
कैप्टन दिनेश सिंह ने बताया कि कई गौशालाओं में भी फर्जीवाड़ा चल रहा है। कुछ गौशालाएं सरकारी रिकॉर्ड में तो मौजूद हैं लेकिन जमीन पर उनका कोई अता-पता नहीं है। कई गौशाला संचालक बजट का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि गौशालाओं का गुप्त भौतिक सत्यापन कराया जाए और जिन गौशालाओं का संचालन ईमानदारी से हो रहा है, सिर्फ उन्हीं को बजट का लाभ मिले।
उन्होंने यह भी कहा कि जब भी कोई गौ माता या नंदी नाले या अन्य खतरनाक जगह पर फंसी होती है, तो वह अपनी जान जोखिम में डालकर भी उन्हें बचाने के लिए कूद पड़ते हैं। लेकिन गौ रक्षा के नाम पर कुछ लोग इस सेवा को धंधा बना रहे हैं।
👉 मुख्य अपीलें:
गौ पालक अपनी गायों पर विशेष नजर रखें।
यदि कोई गाय सड़क पर घायल हो जाए तो जल्द से जल्द खुद जानकारी लें और ट्रेस करें।
गौशालाओं और गौसेवकों की सच्चाई जानें और सतर्क रहें।
राज्य सरकार से अपील की गई है कि हर गौशाला का समय-समय पर सख्त निरीक्षण हो।
कैप्टन ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि उनकी इस अपील का मकसद किसी को बदनाम करना नहीं बल्कि सच्चाई से अवगत कराना है ताकि गौ माता की सही मायने में सेवा हो सके।
“समझदार के लिए इशारा ही काफी है।”

Subscribe to my channel


