उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी
खीरी में थाना समाधान दिवस का आयोजन: जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी संकल्प शर्मा ने सुनीं जन समस्याएं, शीघ्र व निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश

लखीमपुर खीरी से डॉ संजय कुमार पाण्डेय
खीरी, 12 जुलाई 2025:
जनपद खीरी के कोतवाली सदर थाने में आज “थाना समाधान दिवस” का आयोजन जिलाधिकारी श्रीमती दुर्गा शक्ति नागपाल और पुलिस अधीक्षक श्री संकल्प शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर जनसुनवाई करते हुए अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
थाना समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को टीम बनाकर मौके पर जाकर शिकायतों की जांच करने और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी मामलों का समाधान समयबद्ध ढंग से किया जाए।
पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने विशेष रूप से पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। जिन मामलों का निस्तारण उच्चाधिकारियों के स्तर से होना आवश्यक है, उन्हें रिपोर्ट सहित संबंधित अधिकारी को अग्रसारित किया जाए ताकि समय पर उचित निर्णय लिया जा सके।
थाना समाधान दिवस के अवसर पर जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने सर्किल के थानों पर मौजूद रहे और जनशिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को सुनिश्चित किया।
इस पहल का उद्देश्य आम जनता और पुलिस/प्रशासन के बीच संवाद स्थापित करना और जनसमस्याओं का पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है।

Subscribe to my channel


