उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी में बाल श्रम भिक्षावृत्ति और मानव तस्करी के खिलाफ चला जागरूकता अभियान

लखीमपुर खीरी से डॉ संजय कुमार पाण्डेय
लखीमपुर खीरी, 10 जुलाई 2025:
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे “बाल श्रम उन्मूलन अभियान” के तहत आज जनपद लखीमपुर खीरी में एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक श्री संकल्प शर्मा के आदेश पर तथा अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के मार्गदर्शन में किया गया।
थाना एएचटीयू (AHTU) खीरी के प्रभारी उप निरीक्षक श्री राम अवतार, हे०का० शैलेंद्र कुमार, का० चंद्रमोहन त्यागी, सहायक श्रम आयुक्त श्री मयंक सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुश्री प्रियंका वर्मा तथा चाइल्ड हेल्पलाइन से श्रीमती अंजुम परवीन एवं श्री अनुज तिवारी की संयुक्त टीम ने कोतवाली सदर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों – होटल, बाइक गैरेज और दुकानों – पर निरीक्षण किया।
इस दौरान कुल 4 नाबालिग बच्चों को कार्य करते हुए पाया गया, जिसके संबंध में श्रम प्रवर्तन अधिकारी द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है। टीम ने मौके पर लोगों को बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति, अनैतिक देह व्यापार, मानव तस्करी तथा नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान सेवा नियोजकों से स्पष्ट रूप से कहा गया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को काम पर रखना कानूनन अपराध है, और ऐसा करने पर कड़ी सजा का प्रावधान है।
टीम ने आमजन से अपील की कि बच्चों का बचपन छीनने वाले कृत्यों से समाज को मुक्त कराने में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन को दें।

Subscribe to my channel


