खीरी जिले के धौरहरा तहसील में आज सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल एवं पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर समाधान दिवस में पहुंचे।
डीएम व एसपी ने आमजन की शिकायतें गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मौके पर जाकर समस्याओं की निष्पक्ष जांच करें और त्वरित व विधिक समाधान सुनिश्चित करें। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि प्रत्येक शिकायत पत्र का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन प्रकरणों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर से होना है, उन मामलों में तत्काल समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सभी तहसीलों में हुआ आयोजन
जनपद की सभी तहसीलों में समाधान दिवस आयोजित हुआ, जिसमें क्षेत्राधिकारीगण ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया में भागीदारी की।
प्रशासन की इस पहल से जनता को अपनी समस्याएं सीधे शीर्ष अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला, जिससे लोगों में संतोष दिखाई दिया।