उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शिक्षासोनभद्र
सोनभद्र (समाचार) सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ककरी में आचार्य सम्मान समारोह संपन्न

ब्यूरो चीफ राम सुदीन सोनभद्र
एनसीएल ककरी परियोजना कॉलोनी परिसर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ककरी में डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के शुभ अवसर पर आचार्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं डा सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी के समक्ष दीप प्रज्जवलित और सरस्वती वंदना कर किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों ने आचार्य बंधु, आचार्या बहनें और कर्मचारी को उपहार देकर सम्मानित किया । इस मौके पर सरस्वती शिशु मंदिर ककरी के प्रधानाचार्य श्रीमान सुरेंद्र द्विवेदी जी ने अतिथि परिचय कराया।
कार्यक्रम में शामिल मुख्य अतिथि विद्यालय के अध्यक्ष श्रीमान के सी जैन जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरस्वती शिशु/ विद्या मंदिर में आचार्य के रूप में सेवा करना, इस जन्म का नहीं बल्कि पूर्व जन्म के पुण्य कर्मों का परिणाम है। विद्यालय राष्ट्र भक्त बालकों का निर्माण करता है, इस पुण्य कार्य में लगे सभी आचार्य एवं दीदी सदैव वंदनीय हैं।
वहीं विद्यालय के प्रबंधक श्रीमान राजदीप सिंह ने संघर्ष पूर्ण आचार्य जीवन एवं विद्यार्थी जीवन के बारे में बताते हुए कहा कि यहां आकर मुझे अपने परिवार की अनुभूति हुई। यहां के छात्र सभी क्षेत्रों में आगे बढ़कर अपनी अमूल्य सेवाएं प्रदान कर रहे है।
विद्यालय के कोषाध्यक्ष श्रीमान के पी राय जी ने कहा कि मानव जीवन में गुरु प्रथम स्थान पर है, सदैव से रहा है एवं सदैव रहेगा। दुनिया में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका है जो सदैव अपने कृतित्व एवं व्यक्तित्व से समाज और राष्ट्र को सुगंधित करता है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीमान सुभाष चंद्र त्रिपाठी जी ने बताया कि सरस्वती शिशु/ विद्या मंदिर का आचार्य सामान्य नहीं है। आचार्य चाणक्य के कथन को दोहराते हुए कहा कि आचार्य सामान्य नहीं बल्कि प्रलय और निर्माण उसकी गोद में खेलते हैं । इस अवसर पर मैं सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं और बधाई देता हूं।
इस मौके पर सरस्वती शिशु/ विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ककरी के समस्त आचार्य/आचार्या एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


