बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

बालोतरा : विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग, जन चेतना समिति संयोजक ओम बांठिया ने जताई चिंता

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा, 30 अक्टूबर।

जन चेतना समिति बालोतरा के संयोजक ओम बांठिया ने जिला प्रशासन एवं स्थानीय विधायक से आग्रह किया है कि शहर में चल रहे विकास कार्यों को शीघ्र गति दी जाए। उन्होंने कहा कि दीपावली से पूर्व यह घोषणा की गई थी कि बालोतरा की सभी सड़कों की मरम्मत एवं अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा, लेकिन दीपावली बीत जाने के बाद भी शहर की स्थिति में कोई विशेष सुधार दिखाई नहीं दे रहा है।

ओम बांठिया ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सीवरेज एवं पाइपलाइन कार्य के चलते सड़कों की खुदाई की गई, परंतु अब तक उनका मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ है। इसके कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और सड़क दुर्घटनाओं की संख्या भी बढ़ती जा रही है।

उन्होंने प्रशासन और विधायक से निवेदन किया कि जहां-जहां सड़के खोदी गई हैं, वहां कार्य की समय सीमा तय कर जल्द से जल्द मरम्मत, पेचवर्क या नव निर्माण कराया जाए।

बांठिया ने यह भी कहा कि शहर में आवारा सांडों एवं पशुओं की समस्या लगातार बढ़ रही है। इनके लिए व्यवस्था किए जाने की घोषणा तो की गई थी, लेकिन उसका क्रियान्वयन अब तक नहीं हुआ है, जिससे आम नागरिकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पहले यह कहा जाता था कि नगर परिषद में जनप्रतिनिधि होने के कारण विकास कार्यों में बाधा है, लेकिन अब पूरा नियंत्रण प्रशासन के हाथ में है और वर्तमान युवा विधायक कर्मठ एवं जागरूक हैं। इसलिए प्रशासन एवं सभी विभागों को समन्वय के साथ बैठक कर शहर की सड़कों की मरम्मत, सीवरेज एवं पाइपलाइन कार्य शीघ्र पूर्ण कराने चाहिए।

साथ ही, बांठिया ने मांग की कि जिला मुख्यालय बालोतरा का सौंदर्यीकरण भी शीघ्र कराया जाए ताकि शहर की छवि निखरे और आम नागरिकों को बेहतर सुरक्षा व सुविधा मिल सके।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button