बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
भीनासर गोचर संरक्षण समिति का धरना प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी, अवैध कब्जों और गंदे पानी से घास उगाने पर जताया विरोध

बीकानेर से डॉ राम दयाल भाटी
भीनासर गोचर भूमि पर अवैध कब्जों, गंदे पानी से घास उगाने और पेड़ों की कटाई के खिलाफ भीनासर गोचर संरक्षण समिति का आंदोलन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। समिति ने आरोप लगाया कि पूरी गोचर भूमि पर अनाधिकृत लोगों द्वारा जगह-जगह बाड़ाबंदी कर कब्जा कर लिया गया है, जिससे गौवंश का स्वतंत्र विचरण पूरी तरह बाधित हो गया है।
समिति के अनुसार, करीब 50 बीघा भूमि पर नॉन-ट्रीटेड गंदे पानी से घास उगाई जा रही है, जिसमें मौजूद हानिकारक तत्व गौवंश के जीवन के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहे हैं। इसके अलावा, भू-माफियाओं द्वारा पिछले एक वर्ष से लगातार स्थानीय मरुस्थलीय पेड़ों जैसे बेर, खींप, बुई, गठिया, सीनिया आदि की कटाई भी की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि इन मुद्दों पर कई बार उच्च अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन रसूखदार लोगों के दबाव में प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
आज के धरना प्रदर्शन में गोपाल जी कुम्हार, कालूराम जी लखेसर, हेतराम जी डूडी, बाबूलाल जी मेघवाल, श्यामसुंदर पंचारिया, विजू जी पंचारिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाओं के साथ मौजूद रहे। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Subscribe to my channel


