झालावाड़ जिले के मनोहर थाना क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पीपलोदी में हुए दर्दनाक हादसे के संबंध में राजस्थान शिक्षक संघ (अंबेडकर) की उप शाखा किशनगढ़बास ने प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर उपखंड अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
इस ज्ञापन में शिक्षक संघ ने मृतक छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की सहायता राशि देने और परिजनों को स्थायी सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग की। साथ ही घटना की न्यायिक जांच कराकर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों/संस्थाओं पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग भी की गई।
संगठन ने ज्ञापन में राज्य के सभी विद्यालयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु जेईएन व एईएन अभियंताओं से प्रमाण पत्र जारी करवाने, नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप राज्य बजट का न्यूनतम 6% शिक्षा पर खर्च करने, छात्रों के लिए सुरक्षित व पर्याप्त कक्षा कक्षों के निर्माण की मांग उठाई।
इसके अलावा संगठन ने निलंबित शिक्षकों की बहाली, शिक्षकों से ई-ग्राम प्रभारी और बीएलओ सहायक जैसी गैर-शैक्षणिक ड्यूटियों को समाप्त करने की भी मांग की।
इस अवसर पर ब्लॉक सभाध्यक्ष हुकम चौपड़ा के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में ब्लॉक अध्यक्ष टिंकू कुमार, जिला कोषाध्यक्ष हरिप्रसाद, महिला उपाध्यक्ष सुनीता, ब्लॉक महामंत्री सुधीर कुमार, ब्लॉक कोषाध्यक्ष अनिल कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जसवंत, जिला प्रतिनिधि बलवंत व गुलाब सिंह, उपसभाध्यक्ष पप्पू सिंह शेखावत, अखिलेश, रामबाबू सहित कई शिक्षक व पदाधिकारी शामिल रहे।
शिक्षकों ने सरकार से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।