उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में शादी अनुदान योजना को मिली मंजूरी, हजारों परिवारों को मिलेगा लाभ

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 22 मई 2026। जिलाधिकारी की अनुमति के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक पिछड़े वर्ग को छोड़कर), अनुसूचित जाति/जनजाति एवं सामान्य वर्ग के गरीब परिवारों की पुत्रियों की शादी अनुदान योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 को लेकर जनपद स्तरीय स्वीकृति एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सांसद एवं विधानसभा क्षेत्रों से नामित सदस्यगण हर्रैया, महादेवा, रुधौली, बस्ती सदर और कप्तानगंज के प्रतिनिधियों सहित जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता ने योजना की पात्रता, भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्य तथा विभिन्न एजेंडा बिंदुओं की जानकारी समिति को दी। उन्होंने बताया कि मार्च माह में संपन्न हुई पुत्रियों की शादी के लिए मार्च 2026 में प्राप्त 73 आवेदन पत्रों पर अगले वित्तीय वर्ष की 31 मई तक निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि शासनादेश के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में “प्रथम आगत, प्रथम पावत” के आधार पर सहायता अनुदान स्वीकृत किया जाएगा और लक्ष्य के अनुरूप प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार किया जाएगा।
विस्तृत चर्चा के बाद समिति ने सर्वसम्मति से विभिन्न वर्गों के लिए अनुदान स्वीकृत किया। इसके तहत पिछड़ा वर्ग के लिए 1559 लाभार्थियों हेतु 311.80 लाख रुपये, अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 620 लाभार्थियों हेतु 124 लाख रुपये तथा सामान्य वर्ग के 307 लाभार्थियों के लिए 61.40 लाख रुपये के अनुदान को मंजूरी दी गई।
प्रशासन की इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Subscribe to my channel


