बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

मुख्यमंत्री के अभियान से प्रेरित होकर यश कोचर ने बेटी के जन्मदिन पर लगाए 400 पौधे

बीकानेर से डॉ राम दयाल भाटी

 

बीकानेर।

राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए पर्यावरण संरक्षण अभियान से प्रेरणा लेकर बीकानेर के युवा यश कोचर ने अनूठी मिसाल पेश की है। अपनी पुत्री कायशा कोचर के जन्म उपलक्ष्य में उन्होंने रविन्द्र रंगमंच के सामने, सिविल लाइंस स्थित बंगला नंबर 37 के सामने लगभग 60×90 फीट क्षेत्र में 400 पौधे रोपित किए।

यश कोचर ने इस अभियान को खास बनाने के लिए जापानी वैज्ञानिक अकीरा मियावाकी की पद्धति से पौधारोपण किया, जिसमें पौधे घनी और बहु-स्तरीय संरचना में लगाए जाते हैं जिससे वे तेजी से बढ़ते हैं और स्थानीय पारिस्थितिकी को मजबूती मिलती है।

यश कोचर ने बताया कि उन्होंने स्वयं अपनी पुत्री कायशा कोचर के हाथों से पहला पौधा लगवाकर इस अभियान की शुरुआत की। इस नेक काम में उनके परिवार, रिश्तेदारों और दोस्तों ने भी सहभागिता निभाई।

सामाजिक कार्यकर्ता सुरेन्द्र कोचर ने बताया कि मियावाकी पद्धति से लगाए गए पौधे न सिर्फ तेजी से बढ़ते हैं, बल्कि प्रतिकूल मौसम में भी जीवित रहते हैं। इस संपूर्ण पौधारोपण की देखरेख कर रही फर्म “कोपाल फार्म” के मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अग्रवाल ने बताया कि इस तकनीक से बीकानेर के चार अन्य स्थानों पर भी सफल पौधारोपण किया गया है, जहां लगभग 95% पौधे सफलता पूर्वक विकसित हो रहे हैं।

यश कोचर ने बताया कि वे पर्यावरण के लिए कुछ करना चाहते थे लेकिन दिशा स्पष्ट नहीं थी। फिर दो माह पहले उन्होंने बीडीए से अनुमति ली और भूमि की सफाई कर उसे जैविक खाद व जिप्सम से उपजाऊ बनाया। रविवार को अच्छी बारिश के बाद, प्रतीक चौरडिया, हेमंत अग्रवाल, प्रियांशु अग्रवाल, प्रेम माली, गोपाल अग्रवाल, सोफिन खान, यामिनी सिंह सहित कई परिवारों के साथ मिलकर पौधारोपण किया गया।

यश का मानना है कि मियावाकी पद्धति से पौधे मात्र 4-5 वर्षों में पेड़ का रूप ले लेते हैं और पर्यावरण के लिए छाया व फलदायक साबित होते हैं।

मियावाकी पद्धति क्या है?

यह तकनीक जापानी वनस्पतिशास्त्री अकीरा मियावाकी द्वारा विकसित की गई है, जिसमें देशी प्रजातियों के पौधों को घने व बहु-स्तरीय ढंग से रोपा जाता है। इससे पौधों की ग्रोथ तेजी से होती है और जैव विविधता को बढ़ावा मिलता है।

यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरा-भरा भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button