उत्तराखंडब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिरूद्रपुर

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्य सचिव आनंद वर्धन से की शिष्टाचार भेंट, किच्छा क्षेत्र के बहुआयामी विकास को लेकर उठाए अहम मुद्दे

Former MLA Rajesh Shukla made a courtesy call on Chief Secretary Anand Vardhan, raised important issues regarding the multidimensional development of Kichha area

ब्यूरो रिपोर्ट… रामपाल सिंह धनगर

देहरादून…पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री राजेश शुक्ला ने आज सचिवालय में प्रदेश के मुख्य सचिव श्री आनंद वर्धन से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने श्री आनंद वर्धन को उत्तराखंड का मुख्य सचिव नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही किच्छा क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े कई अहम विषयों पर चर्चा की।
श्री शुक्ला ने मुख्य सचिव का ध्यान विशेष रूप से किच्छा में निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की ओर आकृष्ट किया। उन्होंने अनुरोध किया कि इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए ताकि क्षेत्रीय जनता को शीघ्र उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि एम्स के शुरू होने से न केवल स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन आएगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा।
इसके साथ ही श्री शुक्ला ने खुरपिया में प्रस्तावित स्मार्ट इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में किच्छा के उद्यमियों को उद्योग स्थापना हेतु भूमि आवंटन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने मांग की कि किच्छा नगर के बीच वर्षों से संचालित उद्योगों को इस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में स्थानांतरित कर उन्हें पर्याप्त सुविधाओं से युक्त भूमि प्रदान की जाए, ताकि शहर के भीतर की भीड़भाड़ कम हो और प्रदूषण एवं ट्रैफिक जैसी समस्याओं से निजात मिले।
पूर्व विधायक ने यह भी उल्लेख किया कि जैसे-जैसे एम्स का संचालन आरंभ होगा और कॉरिडोर में उद्योग स्थापित होंगे, किच्छा की जनसंख्या में तीव्र वृद्धि होगी। ऐसे में आवश्यक होगा कि नगर विकास को सुव्यवस्थित एवं दूरदर्शी दृष्टिकोण के साथ नियोजित किया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि उद्योगों को शहर से बाहर स्थानांतरित कर उनके स्थान पर व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए, जिससे बढ़ती जनसंख्या की आवश्यकताओं की पूर्ति हो सके।
श्री शुक्ला ने मुख्य सचिव को जानकारी दी कि 13 अक्टूबर 2024 को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की किच्छा यात्रा के दौरान राइस मिलर्स एवं उद्योगपतियों ने इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में भूमि आवंटन की मांग उठाई थी। इस पर मुख्यमंत्री ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया था। अब उन्होंने यह मुद्दा मुख्य सचिव के समक्ष रखते हुए त्वरित निर्णय की मांग की।
मुख्य सचिव श्री आनंद वर्धन ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और इस पर शीघ्र सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने पूर्व विधायक श्री शुक्ला को भरोसा दिलाया कि उद्यमियों को भूमि आवंटन के मामले में प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
शुक्ला ने मुख्य सचिव को किच्छा आने का आमंत्रण भी दिया, ताकि वे स्वयं एम्स के निर्माण की प्रगति और स्मार्ट इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की स्थिति की समीक्षा कर सकें। इस पर श्री आनंद वर्धन ने शीघ्र किच्छा दौरे का आश्वासन दिया।

Anita Pal

Related Articles

Back to top button