अपराधब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
ऑपरेशन साइबर शील्ड: भिवाड़ी पुलिस ने 102 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद 19 साइबर अपराधी गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “ऑपरेशन साइबर शील्ड अभियान” के तहत जिला पुलिस अधीक्षक भिवाड़ी सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में विशेष साइबर अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान 102 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटाए गए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
साइबर सैल की बड़ी कार्रवाई
साइबर सैल भिवाड़ी की विशेष टीम ने तकनीकी जांच और मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों से समन्वय स्थापित कर इन मोबाइलों को राजस्थान के विभिन्न जिलों के साथ-साथ हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर से ट्रेस कर बरामद किया। इसके अलावा, अभियान के तहत 460 फर्जी सिम और 294 IMEI नंबरों को बंद कराया गया।
साइबर अपराधियों पर शिकंजा
साइबर सेल ने इस दौरान 14 प्रकरण दर्ज कर 19 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इन अपराधियों के कब्जे से 25 मोबाइल फोन और 29 सिम कार्ड बरामद किए गए।
मोबाइल मालिकों को सौंपे गए फोन
आज दिनांक 31 जनवरी 2025 को भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर गुमशुदा मोबाइल मालिकों को उनके फोन सौंपे गए। पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अतुल साहू और पुलिस उप अधीक्षक श्री जयसिंह के नेतृत्व में यह अभियान सफलता पूर्वक संचालित किया गया।
पुलिस की अपील
भिवाड़ी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे साइबर अपराधों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही, गुमशुदा मोबाइल की रिपोर्ट दर्ज कराने और साइबर सुरक्षा को बढ़ाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने का आग्रह किया गया है।
➡ रिपोर्ट: भिवाड़ी पुलिस सायबर सेल

Subscribe to my channel


