
महेंद्रगढ़ से सतीश कुमार की रिपोर्ट
नारनौल 19 जनवरी
नारनौल से चंडीगढ़ जा रहे नेशनल हाईवे 152 डी पर टोल प्लाजा जाट गुवाणा में गत 15 जनवरी से 13 गांवों के किसानों का सड़क पर वाहन चढ़ाने और उतारने के लिए दोनों ओर कट छोड़ने और भविष्य में आसपास के गांवों के वाहनों को इस टोल टैक्स पर छूट देने की मांग को लेकर अनिश्चित कालीन विशाल धरना प्रदर्शन जारी है और किसानो द्वारा उच्चाधिकारियों को समय समय पर ज्ञापन देने व मामला मिडिया में आने के बावजूद भी सरकार इस मामले में मूकदर्शक बनी हुई है। किसानों की इस जायज मांग का समर्थन करते हुए भारतीय सामाजिक परिवर्तन संघ के प्रदेश महासचिव एवं हरियाणा एससी बीसी महासभा के महासचिव बिरदी चंद गोठवाल ने भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री, मुख्यमंत्री, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण दिल्ली स्थित जनरल मैनेजर, भिवानी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को पत्र लिखकर किसानों की जनहितैषी जायज मांग का समाधान प्राथमिकी आधार पर करने की मांग की है । उपायुक्त की अनुपस्थिति में ज्ञापन की प्रति सीटीएम को सौंपी गई जिस पर उन्होंने इस मामले में प्राथमिकी आधार पर अविलंब कार्रवाई करने का आश्वासन दिया ।
प्रदेश महासचिव बिरदी चंद गोठवाल ने बताया कि जाट गुवाना, दुबलाना, सागरपुर, खत्रीपुर, गुवाणी, नूनी, सलूणी, खासपुर, खामपुरा, शहरपूर, भौडी, तिगरा, सिहमा के ग्रामीणों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चढ़ाने के लिए 15 से 30 किलोमीटर दूर बुचावास जाना पड़ता है, जबकि किसानों ने अपनी बेशकीमती जमीन सरकार को कम दामों पर दी है । ऐसे में उनके वाहनों को इस सड़क मार्ग पर चढ़ने उतरने के लिए कट ना देने पर सरकार की हठधर्मिता के कारण विवश होकर जाट गुवाना टोल प्लाजा पर तंबू गाड़ कर, भोजन, जलपान व बिस्तरों की पूर्ण व्यवस्था के साथ सैंकड़ों किसान धरना प्रदर्शन कर जोरशोर से नारेबाजी कर रहे हैं । यह मामला लगातार मिडिया व अखबारों में छाया हुआ है और किसान कड़ाके की सर्दी में धरना प्रदर्शन कर संघर्ष कर रहे हैं । खतरीपुर के पूर्व सरपंच अजीत, सिहमा के एडवोकेट हेमंत कृष्ण, दुबलाना के कैप्टन मिसरलाल आदि ने बताया कि मांग पूरी होने तक उनका धरना जारी रहेगा । यदि सरकार अपनी हठधर्मिता पर कायम रही तो भूख हड़ताल भी करेंगे।

इस अवसर पर मिडिया के सतीश शर्मा व विभिन्न क्षेत्रों के किसान अजीत पंवार, सुरेंद्र नंबरदार, चौधरी दीपक सागरपुर, परविंदर, संजय, अजीत, राकेश, गौरधन, ओमप्रकाश, सुन्दर सिंह, सीता राम, अशोक, होशियार सिंह, प्रभाती आदि अन्य सैंकड़ों लोग उपस्थित रहे
Subscribe to my channel


