LIVE TVबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
ग्रामीणों ने पानी के हौद के आगे रखी मटकियां विरोध-प्रदर्शन किया

ब्यूरो चीफ संतोष कुमार गर्ग बालोतरा राजस्थान
बालोतरा
बालोतरा शहर में प्रतिदिन आपूर्ति के लिए 18 एमएलडी पानी की जरूरत रहती है, जबकि नहरी परियोजना से 13 से 14 एमएलडी पानी मिल रहा है।
18 एमएलडी की खपत, मिल रहा 13-14 एमएलडी पानी
बालोतरा इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी ने तापमान का पारा बढ़ा रखा है। 44-45 डिग्री की तन झुलसाती गर्मी में जिलेवासी जैसे-तैसे कर दिन गुजार रहे हैं, लेकिन इस बीच जलदाय विभाग के जिम्मेदारों की लापरवाही ने लोगों की हालत खस्ता कर रखी है। भीषण गर्मी के इस दौर में जिला मुख्यालय पर 20 से 25 दिन के अंतराल में पानी की आपूर्ति हो रही है, वह भी कम दबाव में होने से लोगों को दैनिक उपभोग जितना पानी भी नसीब नहीं हो रहा है। शहर के समदड़ी रोड, गांधीपुरा, नेहरु कॉलोनी, मूंगड़ा रोड पर कृषि मंडी के आस-पास बसी बस्तियां, नया बस स्टैंड सहित क्षेत्र में गत छह माह से पेयजल सप्लाई गड़बड़ाई हुई है।
इसे लेकर जनप्रतिनिधियों व जागरुक लोगों ने सर्दी में ही जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने को लेकर नेताओं व विभागीय अधिकारियों के सामने कई बार मांग रखी, लेकिन विभाग के जिम्मेदारों ने कोई परवाह नहीं की। पोकरण- फलसुंड- बालोतरा -सिवाना पेयजल परियोजना का पर्याप्त पानी मिलने के बावजूद घरों तक नहीं पहुंचना विडंबना हैं। बार-बार लड़खड़ाती पेयजल व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से बात करने पर जोन अधिक होने से व्यवस्था सुचारु करने में दिक्कत आने का हवाला देकर टालमटोल किया जा रहा है। बालोतरा व आस-पास के कस्बों में गत बीस दिन से जलापूर्ति नहीं होने से घरों में टांके सूख गए हैं। इंदिरा गांधी लिफ्ट कैनाल का पर्याप्त पानी मिलने के बावजूद बूंद-बूंद को तरस रहे शहरवासियों की समस्या का समाधान नहीं होने से आमजन में रोष है।
बालोतरा शहर में प्रतिदिन आपूर्ति के लिए 18 एमएलडी पानी की जरूरत रहती है, जबकि नहरी परियोजना से 13 से 14 एमएलडी पानी मिल रहा है। इतने पानी से व्यवस्थित तरीके से आपूर्ति की जाए तो शहर के एक घर में भी पानी की किल्लत नहीं रहेगी, लेकिन वितरण व्यवस्था में प्रभावी मॉनिटरिंग के अभाव में पानी होने के बावजूद लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है।
इसमें विभागीय अधिकारियों का तर्क है कि शहर में जोन अधिक बना दिए हैं, इससे मौहल्लों में आपूर्ति की व्यवस्था कुछ दिन देरी से हो रही है। दाखां गांव में 15 दिन से जलापूर्ति नहीं हो रही है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को हौद के आगे खाली मटकियां व घड़े रखकर विरोध जताया। महिलाओं ने बताया कि गर्मी के दिनों में घर की जरूरत जितना भी पानी नसीब नहीं हो रहा है। पेयजल संकट से त्रस्त ग्रामीणों की विभागीय अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। ग्रामीण परमवीरसिंह राठौड़, सरपंच गोविंदराम देवासी, बलवंतसिंह, देवीसिंह, मूलसिंह, राहुल सैन ने दो दिन में जलापूर्ति नहीं करने पर बालोतरा कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी।
Subscribe to my channel


