जम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़
पुंछ में HADP और कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र की योजनाओं की डीसी ने की समीक्षा, किसानों तक लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ
पुंछ, 28 नवंबर। जिला पुंछ में कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा (JKAS) ने शनिवार को होलिस्टिक एग्रीकल्चर डेवलपमेंट प्रोग्राम (HADP) सहित कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों की विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
इस संबंध में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना रहा।
बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी जोगराज सिंह सलाथिया, मुख्य बागवानी अधिकारी उत्तम लाल, मुख्य पशुपालन अधिकारी डॉ. शाहिद लतीफ जरगर, सहायक निदेशक मत्स्य भारत भूषण, पशुपालन एवं भेड़ पालन विभाग के अधिकारी तथा एलडीएम कार्यालय से रितेश शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान HADP के तहत किसान साथी आउटपुट ट्रैकिंग, DAKSH पोर्टल पर परियोजनावार स्थिति, JKCIP पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों, बजट खर्च, किसान साथी गतिविधियों की प्रगति तथा विभिन्न परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय उपलब्धियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इसके अलावा HADP पोर्टल पर विभिन्न घटकों के तहत दर्ज प्रगति का भी जायजा लिया गया।
संबंधित अधिकारियों ने उपायुक्त को अपने-अपने विभागों की योजनाओं के तहत हुई प्रगति और किए गए खर्च की जानकारी दी। इस दौरान उपायुक्त ने विभागों के समग्र प्रदर्शन का आकलन करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में सामने आ रही कमियों और चुनौतियों की समीक्षा की।
उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में मौजूद कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने पात्र किसानों को सरकारी योजनाओं के दायरे में लाने तथा अधिक से अधिक किसानों को इनका लाभ सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि किसानों और आम जनता के बीच सरकारी योजनाओं को लेकर जागरूकता बढ़ाई जाए, ताकि किसान इन योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि एवं इससे जुड़े अन्य क्षेत्रों में अपनी इकाइयां स्थापित कर सकें और आय बढ़ाने वाली गतिविधियों को अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकें।
उपायुक्त ने विभागों को आपसी समन्वय मजबूत करने, नियमित रूप से क्षेत्रीय स्तर पर योजनाओं की निगरानी करने और किसानों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
अंत में उपायुक्त ने सभी विभागों से मिलकर काम करने और HADP सहित कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र की अन्य योजनाओं को जिले में प्रभावी एवं परिणामोन्मुख तरीके से लागू करने का आह्वान किया।

Subscribe to my channel


