बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

राजस्थान रिफाइनरी पर हवाई हमले की मॉकड्रिल, सायरन बजते ही हुआ ब्लैक आउट, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखा, हवाई हमले के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने का किया अभ्यास

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

बालोतरा, 27 नवम्बर। राजस्थान रिफाइनरी में संभावित हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार को मॉकड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान रिफाइनरी परिसर में हवाई हमले की काल्पनिक स्थिति तैयार कर सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। मॉकड्रिल के तहत हवाई हमले का अलर्ट जारी होते ही सायरन बजाया गया तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार ब्लैक आउट किया गया। इस दौरान रिफाइनरी परिसर एवं आसपास के संबंधित क्षेत्रों में रोशनी बंद कर हवाई हमले की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों का अभ्यास किया गया।

अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने बताया कि मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी संभावित हवाई हमले अथवा अन्य अप्रत्याशित आपात स्थिति के दौरान त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना रहा। अभ्यास के दौरान यह परखा गया कि अलर्ट मिलने पर संबंधित टीमें कितनी तत्परता से सक्रिय होती हैं तथा सुरक्षा, बचाव एवं आपातकालीन सेवाओं के बीच किस प्रकार समन्वय स्थापित किया जाता है। हवाई हमले की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षा इंतजामों, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली तथा निर्धारित प्रक्रियाओं का परीक्षण किया गया। ब्लैक आउट के दौरान यह सुनिश्चित करने का अभ्यास किया गया कि गैर-जरूरी रोशनी बंद रहे तथा सुरक्षा संबंधी निर्धारित निर्देशों की प्रभावी पालना हो। मॉकड्रिल के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में संभावित चुनौतियों की पहचान करने और व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही यह भी परखा गया कि किसी भी आपात सूचना पर संबंधित कार्मिकों एवं सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। राजस्थान रिफाइनरी जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठान की सुरक्षा के दृष्टिगत आयोजित इस मॉकड्रिल से आपातकालीन तैयारियों का आकलन किया गया। इस प्रकार के अभ्यास का उद्देश्य वास्तविक आपदा या हमले की स्थिति में जान-माल की सुरक्षा के साथ औद्योगिक गतिविधियों एवं महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान की सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखना है।

इस दौरान रिफाइनरी के अधिकारी एवं कर्मचारी समेत प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button