बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

जसोल में साध्वी श्री कुंदनप्रभाजी आदि ठाणा-4 का मंगल भावना समारोह नम आंखों से संपन्न, भावुक विदाई गीत के साथ दी गई विदाई

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

जसोल, 24 नवंबर। योगक्षेम वर्ष 2026 के अंतर्गत जसोल में आयोजित चातुर्मास की सफल संपन्नता के अवसर पर साध्वी श्री कुंदनप्रभाजी आदि ठाणा-4 का मंगल भावना समारोह भावुक वातावरण में आयोजित किया गया। “हिवड़ो न माने म्हारो, दिलड़ो न माने…” मंगल विदाई गीत के साथ उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने नम आंखों से साध्वीवृंद को भावभीनी विदाई दी।

आचार्य श्री महाश्रमणजी की महती कृपा से योगक्षेम वर्ष 2026 का चातुर्मास सिवांची-मालाणी क्षेत्र के प्रमुख गांव जसोल में आयोजित हुआ। इसमें साध्वी श्री कुंदनप्रभाजी उदासर, सहवर्ती साध्वी श्री विद्युतप्रभाजी मोमासर, साध्वी श्री किरणयशाजी कांताभाजी (उड़ीसा) एवं साध्वी श्री चारित्रप्रभाजी जसोल का सान्निध्य प्राप्त हुआ।

चातुर्मास के चार महीनों में साध्वीवृंद द्वारा निरंतर जप, तप, ध्यान, ज्ञान, सामायिक, साधना, आराधना, उपवास एवं प्रवचन के माध्यम से धर्म की प्रभावना की गई। श्रावक-श्राविकाओं ने इस दौरान भरपूर धर्मलाभ लिया। स्थानीय तेरापंथ सभा, महिला मंडल, तेरापंथ युवक परिषद, किशोर मंडल, कन्या मंडल, ज्ञानशाला एवं अणुव्रत समिति के सामूहिक सहयोग से चातुर्मास सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सभी संस्थाओं ने आचार्य श्री महाश्रमणजी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

24 नवंबर 2026 को रात्रि 8 बजे पुराने ओसवाल भवन में आयोजित पावन मंगल भावना समारोह का शुभारंभ साध्वीवृंद द्वारा नवकार महामंत्र के उच्चारण से हुआ। महिला मंडल की बहनों ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। इसके पश्चात बहिन विमला देवी वोहरा ने अपने भाव व्यक्त किए।

कार्यक्रम में महासभा के जोधपुर संभाग प्रभारी श्री गौतमचंद सालेचा, तेरापंथ सभा अध्यक्ष श्री गौतमचंद ढेलड़िया, निवर्तमान सभा अध्यक्ष श्री भूपतराज कोठारी, ज्ञानशाला प्रभारी श्री डूंगरचंद सालेचा, श्री शांतिलाल भंसाली, साध्वी श्री चारित्रप्रभाजी के संसारपक्षीय भ्राता श्री धनराज सालेचा, अणुव्रत समिति अध्यक्ष श्री महावीरचंद सालेचा, कवि सुरेश दोसी, अणुव्रत मंत्री सफरूखान, संदीप मेहता, महिला मंडल की निवर्तमान अध्यक्ष श्रीमती कंचनदेवी ढेलड़िया एवं रेखा सालेचा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।

वक्ताओं ने साध्वीवृंद के सान्निध्य में हुए धार्मिक आयोजनों एवं आध्यात्मिक गतिविधियों को याद करते हुए खमत-खामणा किया। उन्होंने साध्वी श्री कुंदनप्रभाजी के उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की तथा उपचार अवधि के दौरान जसोल क्षेत्र में ही प्रवास बनाए रखने का विनम्र आग्रह किया।

इस अवसर पर साध्वी श्री चारित्रप्रभाजी, साध्वी श्री किरणयशाजी एवं साध्वी श्री विद्युतप्रभाजी ने जसोल के श्रावक-श्राविकाओं द्वारा दी गई सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि जसोल में मिले स्नेह, सहयोग और आत्मीयता की अमिट छाप उनके मन में सदैव बनी रहेगी।

साध्वी श्री कुंदनप्रभाजी ने अपने संबोधन में चातुर्मास के दौरान सभी संस्थाओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सहयोग और सेवाओं का स्मरण किया। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार बेहतर सेवा एवं धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता बनाए रखने की प्रेरणा दी। इस दौरान स्थानीय सेवाधारी श्री नरेश कुमार देवासी की सेवाओं का विशेष उल्लेख करते हुए उनकी सराहना की गई।

उल्लेखनीय है कि साध्वी श्री कुंदनप्रभाजी का वर्ष 2025 का चातुर्मास भी अमरनगर, जोधपुर में ध्यान, आराधना, उपवास एवं सामायिक जैसी आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से विशेष उपलब्धियों वाला रहा था। इसी क्रम में योगक्षेम वर्ष 2026 का जसोल चातुर्मास भी पुराने ओसवाल भवन में अत्यंत कुशलता एवं धार्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का कुशल संचालन श्री संपतराज चोपड़ा ने किया। समारोह में तेरापंथ सभा, महिला मंडल, तेरापंथ युवक परिषद, किशोर एवं कन्या मंडल, ज्ञानशाला तथा अणुव्रत समिति के सदस्यों के साथ वरिष्ठ समाजसेवी श्री भंवरजी भंसाली, ओसवाल समाज अध्यक्ष श्री अशोकजी ढेलड़िया, पत्रकार श्री कांतिलाल ढेलड़िया, श्री बाबूलाल बोकड़िया, श्री शांतिलाल दोसी, श्री गौतमचंद जीरावला सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

भावपूर्ण मंगल विदाई गीत और नम आंखों के बीच संपन्न हुआ यह समारोह जसोल के श्रावक-श्राविकाओं के लिए आध्यात्मिक स्मृतियों और आत्मीयता का अविस्मरणीय पल बन गया।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button