उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़

मंडलायुक्त के प्रयासों से थाना समाधान दिवस पर शिकायतों में 32 प्रतिशत की कमी

मंडलायुक्त की पहल रंग लाई, थाना समाधान दिवस पर शिकायतों में 32 प्रतिशत की गिरावट

बस्ती से वेदान्त सिंह

बस्ती, 19 नवंबर 2026 (सू.वि.)। मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में कानून व्यवस्था, थाना समाधान दिवस एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए जाने के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतीकरण कर कानून व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं, थाना समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण तथा यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए किए गए प्रयासों एवं कार्यवाही की जानकारी प्रस्तुत की गई।

मंडलायुक्त के नियमित पर्यवेक्षण, समीक्षा एवं राजस्व-पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के प्रयासों से थाना समाधान दिवस पर प्राप्त प्रकरणों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। जुलाई-अगस्त 2026 की तुलना में सितंबर-अक्टूबर 2026 के दौरान कुल प्राप्त प्रकरणों में लगभग 32 प्रतिशत की कमी आई है। समीक्षा में बताया गया कि जुलाई-अगस्त में कुल 653 प्रकरण प्राप्त हुए थे, जबकि सितंबर-अक्टूबर में यह संख्या घटकर 442 रह गई। भूमि विवादों के प्रभावी नियंत्रण, संयुक्त टीमों के नियमित भ्रमण, शिकायतों की निगरानी एवं निस्तारण की व्यवस्था का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।

जुलाई-अगस्त में प्राप्त 653 प्रकरणों में 551 का निस्तारण किया गया, जबकि सितंबर-अक्टूबर में प्राप्त 442 प्रकरणों में 317 का निस्तारण किया गया, जो 71.7 प्रतिशत है। जुलाई-अगस्त में राजस्व संबंधी 571 प्रकरण प्राप्त हुए

मंडलायुक्त ने थाना समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया कि राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय से शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी स्तर पर प्रकरणों की नियमित साप्ताहिक समीक्षा की जाए तथा प्रत्येक थाना समाधान दिवस पर संयुक्त रूप से भ्रमण कर जनसुनवाई एवं निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया जाए। राजस्व लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक थाने पर संबंधित लेखपाल, चौकी प्रभारी एवं हल्का प्रभारी का नाम व मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। राजस्व एवं पुलिस विभाग के साथ विद्युत, नगर निकाय, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, लोक निर्माण, चकबंदी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी आवश्यकतानुसार संयुक्त कार्यवाही में शामिल हों।

समीक्षा में निरोधात्मक कार्रवाई के आंकड़ों के अनुसार जुलाई-अगस्त में 231 तथा सितंबर-अक्टूबर में 130 कार्रवाई की गई। लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर विशेष अभियान के माध्यम से शीघ्र निस्तारण करने तथा न्यायालय में विचाराधीन मामलों में आदेशों के अनुरूप नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जनपद सिद्धार्थनगर की यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उसे सुचारु एवं सुदृढ़ बनाए जाने के संबंध में भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा पीपीटी के माध्यम से यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए किए गए प्रयासों एवं कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया गया। मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखते हुए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी बस्ती श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, जिलाधिकारी संतकबीर नगर अनुज मलिक, जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर गौरव सिंह सोगरवाल, अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी, तीनों जनपदों के पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Related Articles

Back to top button