देशधर्मबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

कार्तिक शुक्ल सप्तमी पर जसोलधाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, दर्शन-पूजन एवं प्रसादी का लिया लाभ

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

जसोल, 16 नवंबर 2026। श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल में सोमवार को कार्तिक शुक्ल पक्ष सप्तमी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रातःकालीन मंगला आरती से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने श्री राणीसा भटियाणीसा, श्री बायोसा, श्री सवाई सिंह जी, श्री लाल बन्नासा, श्री खेतलाजी एवं श्री काला-गोरा भैरवजी के मंदिरों में विधिवत दर्शन-पूजन कर अपने एवं परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामनाएँ कीं।

इस अवसर पर भोजन प्रसादी (अन्नपूर्णा प्रसादम) का लाभ स्वर्गीय मल्लाराम, भूराराम एवं लक्ष्मणराम, सुपुत्र नेनू देवी एवं स्वर्गीय खीमाराम देवासी, निवासी भाखरपुरा, तहसील गुड़ामालानी, जिला बाड़मेर के परिवार ने लिया।

वहीं, छप्पन भोग के लाभार्थी रिंकू कंवर, धर्मपत्नी गुलाब सिंह सोढ़ा, उनकी सुपुत्री भूमिका सोढ़ा तथा सुपुत्र विश्वजीत सिंह सोढ़ा एवं लाल बना सिंह सोढ़ा, निवासी बज्जू, बीकानेर (राजस्थान) रहे।

दोनों लाभार्थी परिवारों की ओर से श्री राणीसा भटियाणीसा सहित समस्त मंदिरों में भोजन प्रसादी एवं छप्पन भोग अर्पित किए गए। संस्थान की निर्धारित व्यवस्था के अनुसार परिवारों ने भोग सामग्री संबंधित मंदिरों के पुजारियों को सौंपी। पुजारियों ने स्वयं विधिवत भोग अर्पित करने के उपरांत प्रसाद पुनः लाभार्थी परिवारों को सुपुर्द किया। इसके पश्चात दोनों लाभार्थी परिवारों ने श्रद्धापूर्वक कन्या पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा जसोलधाम पधारे भक्तों में भक्तिभाव से प्रसाद का वितरण किया।

कार्तिक मास के उपलक्ष्य में प्रतिदिन आयोजित रात्रि जागरण में स्थानीय भजनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियाँ दे रहे हैं। भक्ति रस से सराबोर प्रस्तुतियों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो रहे हैं। भजनों एवं जयकारों से मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। रात्रि जागरण का यह क्रम कार्तिक पूर्णिमा तक जारी रहेगा।

संस्थान के प्रवक्ता कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल ने लाभार्थी परिवारों के सेवाभाव एवं सहयोग की सराहना करते हुए श्री राणीसा भटियाणीसा से उनके जीवन में सुख, समृद्धि एवं मंगल की कामना की। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम दर्शन एवं प्रसादी वितरण के लिए संस्थान की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएँ की गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर की स्वच्छता बनाए रखने एवं व्यवस्थाओं में सहयोग करने का आग्रह किया।

22 नवंबर से बदलेगा आरती का समय

संस्थान प्रवक्ता ने बताया कि शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए कार्तिक शुक्ल त्रयोदशी, रविवार, 22 नवंबर 2026 से आरती के समय में परिवर्तन किया जाएगा। प्रातःकालीन मंगला आरती सुबह 5:30 बजे के स्थान पर 6:00 बजे तथा संध्याकालीन आरती शाम 7:30 बजे के स्थान पर 7:00 बजे होगी। श्रद्धालुओं से संशोधित समय के अनुसार आरती में सम्मिलित होने का आग्रह किया गया।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button