बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

330 से अधिक लोगों की भागीदारी से गूंजा बालोतरा, ‘द इम्पैक्ट रन 2026’ ने दिया स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश

रोटरी क्लब की पहल में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही सहभागिता; आयकर अधिकारी भंवर सिंह जी ने दौड़ में भाग लेकर 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

बालोतरा। शहर में रविवार की सुबह स्वास्थ्य, उत्साह और सामाजिक जागरूकता के नाम रही। रोटरी क्लब बालोतरा की ओर से सर्वाइकल कैंसर जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित ‘द इम्पैक्ट रन 2026’ में 306 पूर्व पंजीकरण तथा 25 से अधिक मौके पर हुए पंजीकरण के साथ 330 से अधिक लोगों ने सहभागिता की। आयोजन ने यह संदेश दिया कि सामाजिक बदलाव की शुरुआत सामूहिक भागीदारी से होती है।

सुबह 5:30 बजे से ही रोटरी सदस्य आयोजन स्थल महावीर कॉलोनी, खेड़ रोड पर व्यवस्थाओं में जुट गए। प्रतिभागियों को टी-शर्ट एवं पहचान पत्र वितरित किए गए तथा सामूहिक व्यायाम के बाद अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट श्री भुवनेश्वर सिंह चौहान, आयकर अधिकारी श्री भंवर सिंह एवं जिला परिवहन अधिकारी श्री भगवानाराम गेहलोत सहित उपस्थित अतिथियों ने गुलाबी झंडियां लहराकर दौड़ का शुभारंभ किया गया। गुलाबी रंग महिला स्वास्थ्य जागरूकता का प्रतीक रहा। शुभारंभ कार्यक्रम का संचालन करते हुए पूर्व सह प्रांतपाल ओम प्रकाश बांठिया ने आयोजन के संदर्भ में भूमिका प्रस्तुत की।

दौड़ मार्ग पर रोटरी सदस्यों ने स्वयंसेवकों के रूप में दिशा-निर्देशन, पेयजल और सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली। पुलिस विभाग एवं प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग दिया। प्रतिभागियों का उत्साह बनाए रखने के लिए मार्ग पर देशभक्ति गीतों और आवश्यक निर्देशों के साथ वाहन की व्यवस्था की गई। ड्रोन से भी आयोजन का दृश्यांकन किया गया। समापन स्थल पर रोटरी सदस्यों एवं ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनों की टीम ने वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से परिणामों की निष्पक्षता सुनिश्चित करने में सहयोग दिया।

आजाद वे ब्रिज, खेड़ रोड स्थित समापन स्थल पर आयोजित समारोह में पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी मुख्य अतिथि तथा भाजपा जिला अध्यक्ष श्री भरत कुमार मोदी ,विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का साफा, माला एवं स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया गया।

क्लब सचिव सीए अभिषेक जिंदल ने मंच संचालन के साथ आयोजन की परिकल्पना और सर्वाइकल कैंसर जागरूकता को इसका केंद्र चुनने का उद्देश्य भी बताया। उन्होंने कहा कि इस पहल का लक्ष्य महिलाओं के स्वास्थ्य, एचपीवी टीकाकरण, समय पर जांच और बचाव के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय खंडेलवाल ने अपने संबोधन में सर्वाइकल कैंसर, एचपीवी संक्रमण, टीकाकरण, संभावित लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी।

प्रतियोगिता में तीन आयु वर्गों में महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग मुकाबले हुए। विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को चांदी के सिक्के देकर सम्मानित किया गया तथा 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी प्रतिभागियों को विशेष उपहार दिए गए। आयोजन का विशेष आकर्षण आयकर अधिकारी श्री भंवर सिंह रहे, जिन्होंने स्वयं दौड़ में भाग लेकर 50 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

मुख्य अतिथि विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने रोटरी क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। क्लब अध्यक्ष श्री हितेन्द्र छाजेड़ ने कहा कि इस मैराथन दौड़ का प्रोग्राम करना अपने आप में एक बहुत बड़ा चैलेंज था और इस चैलेंज को पूरा करना रोटरी के प्रत्येक सदस्य का दायित्व है और वो रोटरी परिवार के प्रत्येक सदस्य ने कर दिखाया और इस तरह के आयोजन रोटरी परिवार आगे भी करता रहेगा,क्लब अध्यक्ष हितेन्द्र छाजेड़ ने प्रायोजक परिवार कमलजी वासुदेवजी सोनी एम केज्वैलर्स परिवार मांगीलाल मालू मनोहर ऑटो पार्ट्स परिवार गजेंद्रजी गोगड़ पद्मश्री ग्रुप परिवार एवं डीसीबी बैंक परिवार का विशेष आभार जताकर उन्हें सम्मानित भी किया और छाजेड़ ने बताया कि रोटरी के ऐसे भामाशाहों के बिना ऐसे कार्य करना संभव नहीं हैं अंत में सभी अतिथियों, प्रशासन, पुलिस विभाग, प्रायोजकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

क्लब ने इस पहल को आगे बढ़ाते हुए एचपीवी टीकाकरण को प्रोत्साहित करने और चिकित्सकीय परामर्श एवं पात्रता के अनुसार विभिन्न आयु वर्गों तक अत्यधिक रियायती दरों पर टीकाकरण सुविधा पहुंचाने की योजना भी रखी। इस तरह ‘द इम्पैक्ट रन 2026’ एक दिन की दौड़ से आगे बढ़कर बेहतर स्वास्थ्य और जागरूक समाज की दिशा में सामूहिक संकल्प का संदेश दे गया।

आयोजन की सफलता में क्लब उपाध्यक्ष श्री भरत गोलेच्छा, कोषाध्यक्ष श्री शांतिलाल हुंडिया, श्री विमल मालवीय, श्री कैलाश गर्ग एवं आगामी अध्यक्ष श्री महावीर गोलेच्छा का विशेष योगदान रहा। इनके साथ रोटरी क्लब के समस्त पदाधिकारियों, बोर्ड सदस्यों एवं रोटरी परिवार ने आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय सहभागिता निभाई।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button