धर्मबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

98 वर्ष की आयु में 60 दिवसीय संथारा पूर्ण कर देवलोकगमन करने वाली भंवरी देवी को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

बालोतरा।

संथारा साधिका सुश्राविका श्रीमती भंवरी देवी सांवलमल जी बाघमार के देवलोकगमन पर बाघमार परिवार की ओर से गोर सीजन रिसॉर्ट में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, रिश्तेदारों एवं स्नेहीजनों ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके धर्ममय जीवन का स्मरण किया।

कार्यक्रम में विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बालोतरा की पुण्यभूमि पर श्रीमती भंवरी देवी द्वारा 60 दिवसीय संथारा एवं धर्म साधना हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

अखिल भारतीय श्री जैन रत्न हितैषी श्रावक संघ के अध्यक्ष आनंद चोपड़ा ने संथारे की महत्ता एवं भेद विज्ञान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन के अंतिम मनोरथ की पूर्णता अत्यंत महत्वपूर्ण आध्यात्मिक प्रसंग है। उन्होंने संघ एवं कुकु चोपड़ा परिवार की ओर से भावांजलि अर्पित की।

पूर्व प्रशासनिक अधिकारी अशोक कोठारी ने श्रीमती भंवरी देवी के जीवन को धर्ममय, प्रेम, सौहार्द एवं विशिष्ट व्यक्तित्व से परिपूर्ण बताते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी ओ. जैन ने सजग सल्लेखना एवं संथारे को जीवन के अंतिम पड़ाव पर आध्यात्मिक साधना के रूप में पूर्ण करने में बाघमार एवं कंकु चोपड़ा परिवार के सेवा एवं समर्पण की सराहना की। न्यायाधीश ललित पुरोहित ने कहा कि जीवन में सफलता का रहस्य धर्म के प्रति निष्ठा और अपने सिद्धांतों पर अडिग रहना है। श्रीमती भंवरी देवी का जीवन इसके लिए आदर्श उदाहरण है।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए श्री वर्धमान जैन स्थानकवासी संस्थान के मंत्री ओम बांठिया ने कहा कि संभवतः यह एक अभूतपूर्व प्रसंग है, जब 98 वर्ष की आयु में पूर्ण सजगता एवं जागरूकता के साथ 60 दिवसीय संथारा संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि पूज्य ज्ञान गच्छाधिपति श्रुतधर श्री प्रकाशचंद जी महाराज साहब के मुखारविंद से संथारा प्रत्याख्यान हुआ तथा बालोतरा में विराजित साधु-साध्वियों का समय-समय पर मार्गदर्शन एवं संबल प्राप्त होता रहा।

न्यायमूर्ति जसराज जी चोपड़ा की बहन श्रीमती भंवरी देवी के प्रति चोपड़ा परिवार की ओर से शेखर चोपड़ा, लुंकड़ परिवार की ओर से अरविंद लुंकड़ तथा बाघमार परिवार की ओर से उनके पुत्रों, पौत्रों एवं प्रपौत्रियों ने गुणानुवाद करते हुए उनके जीवन को धर्म, संस्कार, सेवा और आदर्शों से परिपूर्ण बताया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय श्री जैन रत्न हितैषी श्रावक संघ, श्री गुरु हस्ती कल्याण संस्थान एवं श्री जैन रत्न हितैषी श्रावक संघ की ओर से श्रद्धांजलि संदेश भी प्रस्तुत किए गए। साथ ही आचार्य श्री मोहित विजय जी, आचार्य श्री मणिप्रभसागर जी एवं श्री संजय मुनि जी के संदेशों की जानकारी देते हुए दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई।

उल्लेखनीय है कि श्रीमती भंवरी देवी के पति सांवलमल जी बाघमार ने पाटौदी ठाकुर साहब केसर सिंह के परिवार में कामदार के पद पर उल्लेखनीय सेवाएं दी थीं। वहीं उनके पुत्र बाबूलाल जी मेहता संघ सेवा एवं समाज के प्रति समर्पित भाव से निरंतर कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम के अंत में उनके पुत्र गणपत मेहता ने सभी उपस्थितजनों एवं श्रद्धांजलि अर्पित करने वाले संस्थाओं के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर नगर परिषद सभापति योगेश गहलोत, पूर्व सभापति पारसमल भंडारी, पूर्व सभापति रतनलाल खत्री, पूर्व नेता प्रतिपक्ष मदन चोपड़ा, पार्षदगण सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ओसवाल समाज, स्थानकवासी संघ, तेरापंथ संघ एवं मूर्तिपूजक संघ के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में रिश्तेदारों और स्नेहीजनों ने भी श्रद्धांजलि सभा में भाग लिया।

दिवंगत श्रीमती भंवरी देवी की धर्म साधना, आध्यात्मिक निष्ठा और आदर्श जीवन को उपस्थितजनों ने समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button