देशबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानस्वास्थ्य
सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाएगा रोटरी क्लब बालोतरा, 15 नवंबर को आयोजित होगी ‘द इम्पैक्ट रन’

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा।
महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण और सर्वाइकल कैंसर के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब बालोतरा की ओर से आगामी 15 नवंबर (रविवार) को ‘द इम्पैक्ट रन’ का आयोजन किया जाएगा। ‘हर कदम, बेहतर स्वास्थ्य की ओर’ थीम पर आयोजित होने वाली इस दौड़ के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया जाएगा।
रोटरी क्लब अध्यक्ष रोटेरियन हितेंद्र छाजेड़ ने बताया कि यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य संवर्धन और समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का सामाजिक अभियान है। इसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
रोटरी क्लब सचिव अभिषेक जिंदल ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि दौड़ का शुभारंभ सुबह 6 बजे महावीर कॉलोनी, खेड़ रोड, बालोतरा से होगा। प्रतिभागियों को पहचान पत्र और रेस नंबर प्राप्त करने के लिए निर्धारित समय पर आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा।
तीन आयु वर्गों में आयोजित होगी दौड़
प्रतियोगिता में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तीन आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। इनमें 15 से 30 वर्ष, 31 से 49 वर्ष तथा 50 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। प्रत्येक श्रेणी में महिला एवं पुरुष विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं।
आयोजकों के अनुसार, दौड़ में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों के लिए सफेद रंग की टी-शर्ट पहनना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही आयु सत्यापन के लिए मूल सरकारी पहचान पत्र साथ लाना आवश्यक रहेगा।
ऑनलाइन पंजीकरण शुरू, शहरवासियों से भागीदारी की अपील
रोटरी क्लब के मीडिया प्रमुख ओमप्रकाश बांठिया ने बताया कि आयोजन को लेकर शहर में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि महिलाएं, युवा और अन्य नागरिक बड़ी संख्या में इस अभियान से जुड़ सकें। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर महिलाओं के स्वास्थ्य और कैंसर जागरूकता के इस सामाजिक अभियान को सफल बनाएं।
उन्होंने बताया कि दौड़ के लिए पंजीकरण शुरू हो चुके हैं। इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन उपलब्ध क्यूआर कोड को स्कैन करके अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
इन संस्थानों का मिल रहा सहयोग
‘द इम्पैक्ट रन’ को सफल बनाने के लिए शहर के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एमके ज्वैलर्स, मनोहर ऑटो पार्ट्स, पद्मश्री ग्रुप और द ब्रेड बॉक्स का विशेष सहयोग एवं सौजन्य प्राप्त हो रहा है।
रोटरी क्लब बालोतरा की यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Subscribe to my channel


