खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
चौथे चरण के मतदान एवं मतगणना की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
जिले के सभी विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
खैरथल-तिजारा, 12 नवंबर। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में गुरुवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों की ओर से संचालित कार्यशील योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से योजनावार अब तक हुई प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाएं तथा सभी कार्यों का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों में आ रही बाधाओं का समयबद्ध निराकरण किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के चौथे चरण के मतदान एवं मतगणना की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने सभी रिटर्निंग अधिकारियों (आरओ) को चुनाव से संबंधित तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सुबह से ही अपने निर्धारित क्षेत्र में पहुंचकर फील्ड में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल उसका निराकरण करवाएं।
मतगणना केंद्रों पर व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए काउंटिंग रूम में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मतगणना केंद्र के बाहर चारों तरफ भी समुचित लाइटिंग की व्यवस्था करने को कहा गया, ताकि रात्रि के समय किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
निर्वाचन प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए स्क्रूटनी एवं नामांकन प्रक्रिया के दौरान हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे अभ्यर्थियों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग समय पर उपलब्ध हो सके तथा नामांकन प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो।
मतदान दिवस की व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देशित किया गया कि आशा सहयोगिनी सुबह 6:30 बजे तक अनिवार्य रूप से अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर पहुंच जाएं। इसके अतिरिक्त मतदान केंद्रों पर दिव्यांग एवं जरूरतमंद मतदाताओं की सुविधा के लिए व्हीलचेयर तथा आवश्यक मेडिकल सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें तथा मतदान एवं मतगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतें।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, विशेषाधिकारी निर्वाचन ऐश्वर्यम प्रजापति, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अरविंद गेट, जिला शिक्षा अधिकारी रमेश मेघवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


