ब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
सीएम आवास से राजेंद्र नगर मोड़ तक लगेंगे 100 पौधे, सीएम के पिताश्री ने किया पौधारोपण अभियान का शुभारंभ
पर्यावरणविद् बच्चू सिंह वर्मा की पहल, मेयर अनुराधा हजारी सिंह और नगर निगम आयुक्त श्रवण कुमार बिश्नोई सहित जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
भरतपुर- शहर में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यावरणविद् बच्चू सिंह वर्मा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री आवास से राजेंद्र नगर मोड़ तक, कब्रिस्तान के सहारे-सहारे सड़क किनारे 100 पौधे लगाने का अभियान चलाया जा रहा है। पौधारोपण अभियान का शुभारंभ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के पिता श्री कृष्ण स्वरूप शर्मा ने पौधा लगाकर किया। कार्यक्रम में नगर निगम मेयर श्रीमती अनुराधा हजारी सिंह, नगर निगम आयुक्त श्रवण कुमार बिश्नोई, पार्षद दीपक मुद्गल तथा अभिषेक हजारी सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर पर्यावरणविद् बच्चू सिंह वर्मा के साथ राहुल मदेरणा ने भी पौधारोपण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। वे लंबे समय से बच्चू सिंह वर्मा के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण के कार्यों में समय दे रहे हैं। पौधारोपण के दौरान श्री कृष्ण स्वरूप शर्मा का पौधों के प्रति सम्मान और लगाव भी देखने को मिला। पौधा लगाने के बाद उन्होंने रोपे गए पौधे के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उसे प्रणाम किया। उनका यह भाव पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रेरक संदेश देता है। पर्यावरणविद् बच्चू सिंह वर्मा ने कहा कि पौधारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। नगर निगम आयुक्त श्रवण कुमार बिश्नोई ने भी पर्यावरण संरक्षण के इस प्रयास को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। अभियान के माध्यम से शहरवासियों को संदेश दिया गया कि सामूहिक सहभागिता से ही शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाया जा सकता है।

Subscribe to my channel


