ब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
कुम्हार प्रजापत समस्त समाज सेवा फाउंडेशन के स्थापना के 6 वर्ष पूर्ण, दो दिवसीय वार्षिक सम्मेलन एवं कार्यकर्ता स्नेह मिलन आयोजित
भीनमाल में राजस्थान और गुजरात के 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने लिया भाग, सामाजिक एकता और संगठन की मजबूती पर हुई चर्चा

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
भीनमाल (जालौर), राजस्थान। कुम्हार प्रजापत समस्त समाज सेवा फाउंडेशन की स्थापना के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 10 एवं 11 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय वार्षिक बैठक एवं कार्यकर्ता स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रजापत समाज धर्मशाला, मां सुन्धा माता मंदिर, भीनमाल (जिला जालौर) में संस्था प्रधान चुन्नीलाल जी प्रजापत (बागरेचा) के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
इस दो दिवसीय आयोजन में राजस्थान एवं गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों से आए 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संस्था के छह वर्षों के सफर, संगठनात्मक गतिविधियों, सामाजिक एकता और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विचार-विमर्श करना रहा।
संस्था के नियमों और संगठन की मजबूती पर हुई चर्चा
वार्षिक बैठक के दौरान संस्था के नियमों एवं कार्यप्रणाली को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने विचार, सुझाव एवं सलाह प्रस्तुत की। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यकर्ताओं का किया गया सम्मान
समारोह के दौरान संस्था की ओर से सभी कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान किया गया। संस्था के प्रति कार्यकर्ताओं के समर्पण, सहयोग और सक्रिय भागीदारी की सराहना की गई।
दो दिवसीय स्नेह मिलन कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के बीच आपसी भाईचारे, एकजुटता और सामाजिक सहयोग की भावना देखने को मिली। राजस्थान एवं गुजरात से पहुंचे सभी कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी निभाते हुए आयोजन को सफल बनाया।
कार्यक्रम का समापन सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती और समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

Subscribe to my channel


