त्योहारों को लेकर पुलिस प्रशासन और व्यापारियों की बैठक, यातायात व पार्किंग व्यवस्था पर बनी रणनीति,व्हाइट पट्टी के अंदर ही व्यापार करेंगे दुकानदार, गांधी पार्क, गल्ला मंडी व अग्रसेन चौक पर होगी पार्किंग की व्यवस्था
Meeting of police administration and traders regarding festivals, strategy made for traffic and parking arrangements, shopkeepers will do business only within the white line, parking arrangements will be made at Gandhi Park, Galla Mandi and Agrasen Chowk.

ब्यूरो रिपोर्ट… अनीता पाल
रुद्रपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आम जनता सहित व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी से बचाने के उद्देश्य से आज पुलिस प्रशासन और व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में यातायात व्यवस्था, पार्किंग, बाजार में दुकानों की सजावट, पुलिस गश्त और सुरक्षा सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी वैभव सैनी ने कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान पुलिस प्रशासन और व्यापार मंडल आपसी समन्वय से व्यवस्थाओं को बेहतर बनाएंगे। इसके लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाएगा, ताकि बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों से लेकर दुकानदारों तक किसी को भी असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान मुख्य बाजार के बीच स्थित गांधी पार्क में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही गल्ला मंडी और अग्रसेन चौक पर भी छोटी-छोटी पार्किंग बनाई जाएंगी, जिससे अधिक से अधिक वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा किया जा सके और बाजार में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

सीओ वैभव सैनी ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों की सजावट इस प्रकार करें, जिससे यातायात बाधित न हो। सभी व्यापारी सड़क पर निर्धारित सफेद पट्टी (व्हाइट लाइन) के अंदर ही अपना सामान रखकर व्यापार करें। पट्टी से बाहर अतिक्रमण कर व्यापार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

बिना नंबर और फूहड़ हॉर्न वाले वाहनों पर कार्रवाई की मांग
व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने बैठक में पुलिस प्रशासन के समक्ष बाजार की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इन दिनों बाजार में बिना नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहन घूम रहे हैं। इनमें कई वाहनों पर तेज और फूहड़ आवाज वाले हॉर्न लगे हुए हैं, जिससे व्यापारियों के साथ-साथ बाजार में खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों को भी भारी परेशानी होती है। उन्होंने ऐसे वाहनों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
संजय जुनेजा ने कहा कि बाजार में यातायात के कारण आए दिन विवाद और लड़ाई-झगड़े की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। प्रशासन को इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने बाजार क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा रात्रि के समय भी नियमित गश्त सुनिश्चित करने की मांग की, जिससे व्यापारियों और ग्राहकों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।
बैठक में पुलिस प्रशासन और व्यापार मंडल ने त्योहारों के दौरान बाजार में बेहतर यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपसी सहयोग से कार्य करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर गुलशन नारंग, रमेश ढींगरा, मनोज छाबड़ा, संदीप राव, इंद्रजीत सिंह, चिराग कालरा, राजकुमार सिकरी, आकाश भुसरी, चंद्र प्रकाश, मनीष अग्रवाल, हरपाल सिंह, गौरव गांधी, चेतन खनिजों, सुमित मुंजाल, आकाश अरोरा, गुरविंदर सिंह, इरशाद अहमद सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


