धर्मबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

बालोतरा में मानव जीव दया सेवा समिति ने गांधी जयंती पर जरूरतमंदों को कराया भोजन

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा, 2 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री एवं श्री श्री 1008 लिखमाराम जी महाराज की जयंती के अवसर पर मानव जीव दया सेवा समिति के तत्वावधान में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत जरूरतमंद एवं दिव्यांग लोगों को भोजन कराया गया।

कार्यक्रम का आयोजन पुराना बस स्टैंड स्थित मनमोहन स्वीट होम के सामने किया गया। इस दौरान जोधपुर की प्रसिद्ध वेज बिरयानी के करीब 100 पैकेट/प्लेट तैयार कर जरूरतमंद लोगों को वितरित किए गए। इसके साथ ही अन्नपूर्णा रसोई, नाहटा अस्पताल तथा पुराना बस स्टैंड अस्पताल के आसपास जरूरतमंद लोगों को भी भोजन कराया गया।

सेवा संस्थान के मंत्री जवेरी लाल मेहता एवं मुकेश राजपुरोहित ने बताया कि श्री श्री 1008 लिखमाराम जी महाराज की जयंती एवं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में दिव्यांग, गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ भाव से मानव सेवा करना समाज की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है।

उन्होंने बताया कि मानव जीव दया सेवा संस्थान पिछले तीन दशकों से अधिक समय से वंचित, जरूरतमंद एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लिए लगातार सेवा कार्य करता आ रहा है। संस्था के सेवा कार्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल संस्था का नहीं, बल्कि उन सभी सेवाभावी लोगों का सम्मान है, जिन्होंने मानवता और सेवा को सर्वोपरि रखा है।

कार्यक्रम के दौरान सेवा समिति के अध्यक्ष हीरालाल प्रजापत, दौलतराज सिणधरी, गौतम चोपड़ा सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से मानव सेवा, जीव दया और जरूरतमंदों की सहायता का संदेश दिया गया।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button