देशबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
गुरुवार से शुरू होगा ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’, पहले दिन घर-घर प्रज्ज्वलित होगा ‘आशीर्वाद का दीया’
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी ने ली तैयारियों की बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 16 सितम्बर। राज्य में जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करने, विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी को व्यापक स्तर तक पहुंचाने तथा विकसित भारत एवं विकसित राजस्थान के लक्ष्य को प्राप्त करने में आमजन, किसानों, महिलाओं, युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक ‘विकसित भारत जनसेवा अभियान’ संचालित किया जाएगा। जन अभियान के रूप में संचालित होने वाले इस अभियान के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। रूपरेखा के अनुसार अभियान के संचालन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा के लिए बुधवार को जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन के निर्देशन में सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। अभियान की शुरूआत 17 सितम्बर को ‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी। इस दौरान विभिन्न योजनाओं से जिले के लाभार्थी परिवारों द्वारा अपने घरों में सायं 7 बजे एक साथ दीप प्रज्वलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांवों एवं शहरों के प्रमुख स्थानों पर भी दीप प्रज्ज्वलन एवं सामूहिक मंगल कामना कार्यक्रम होगा। इसी श्रृंखला में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिक्षा विभाग द्वारा 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक ‘मेरे सपनों का भारत-चित्रसेवा’ थीम के तहत चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं प्रत्येक गांव एवं शहरी वार्डों में सेवा एवं जन कल्याण से जुड़ी आधे घंटे की प्रेरणादाई गतिविधियों का वीडियो, वीडियो वॉल और ईमित्र प्लस सहित विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किया जाएगा। यह कार्यक्रम ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ थीम पर आयोजित होगा।
श्रीमती पांडे ने बताया कि 25 से 27 सितम्बर तक महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी केन्द्रों पर मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें प्रत्येक केन्द्र पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा। ‘सेवा की कहानी’ के तहत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के वीडियो एवं फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किए जाएंगे। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत 7 अक्टूबर को स्कूली विद्यार्थियों द्वारा विकसित भारत के संकल्प से संबंधित स्लोगनों के पोस्टर एवं बैनर्स के साथ रैली निकाली जाएगी। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत 2 अक्टूबर को प्रत्येक ग्राम पंचायत, नगरीय वार्ड, निकाय एवं जिला स्तर पर जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता एवं सामुदायिक सेवा से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत 19 से 25 सितम्बर तक ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत राज विभाग द्वारा 8 से 16 अक्टूबर तक शहरी क्षेत्रों में स्थानीय निकाय विभाग द्वारा सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक पंचायत मुख्यालय पर तथा समस्त शहरी निकायों पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी, पात्र लाभार्थियों की पहचान, पंजीकरण एवं लाभांवित किए जाने संबंधी कार्य होंगे। साथ ही विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाओं की प्रदायगी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग कार्यक्रम के तहत 24 सितम्बर और 11 अक्टूबर को देवस्थान, पर्यटन तथा कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा जिले में सार्वजनिक स्थानों पर विभिन्न योजनाओं और राष्ट्रीय प्रतीकों का रंगोलियों के माध्यम से प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत 1 से 15 अक्टूबर तक सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार तथा उच्च शिक्षा विभाग द्वारा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान में युवाओं की भूमिका एवं नवाचारों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसी श्रृंखला में ‘सुशासन सेवा संवाद’ का आयोजन पंचायती राज एवं स्थानीय निकाय विभाग द्वारा किया जाएगा। इसमें संभाग एवं जिला स्तर पर जनप्रतिनिधियों और आमजन के साथ संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी गतिविधियों का आयोजन उनके लिए निर्धारित समय-सीमा के दौरान किया जाए। प्रत्येक गतिविधि को प्राप्त निर्देशानुसार पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में व्यापक जन भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने आचार संहिता की अवधि के दौरान नगरीय क्षेत्रों में विभिन्न बिंदुओं की पालना सुनिचित करन के निर्देश दिए। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


