उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़रोज़गार
अयोध्या में नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को वितरित हुए नियुक्ति पत्र

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 8 सितंबर 2026 (सू.वि.)। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन जन्मभूमि अयोध्या में मंगलवार को नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बस्ती के राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) बहुउद्देशीय हाल में किया गया। यहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं तथा अन्य उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन को देखा और सुना।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं का हुआ सम्मान
जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक हर्रैया अजय सिंह, ब्लॉक प्रमुख यशकान्त सिंह, विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्रा, जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल तथा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अपूर्वा सिंह ने संयुक्त रूप से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, पंचायत सचिवों, मुख्य सेविकाओं, सुपोषित बच्चों एवं उनके परिवारों को सम्मानित किया।
मानदेय बढ़ोतरी और कैशलेस चिकित्सा सुविधा की जानकारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक हर्रैया अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने बताया कि उन्हें 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार लगातार जनहित के कार्य कर रही है और समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
ब्लॉक प्रमुख यशकान्त सिंह ने कहा कि कुपोषित बच्चों को सुपोषित बनाने की दिशा में काम करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि तथा कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्टॉलों का किया अवलोकन
कार्यक्रम के बाद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और वहां प्रदर्शित योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी ली।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मानवी सिंह ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


