उत्तर प्रदेशदेशधर्मबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
आर्य समाज नई बाजार बस्ती में सात दिवसीय वेद प्रचार सप्ताह का शुभारंभ, यज्ञ और भजनोपदेश से दिया मानव कल्याण का संदेश

बस्ती, 6 सितंबर। आर्य समाज नई बाजार बस्ती, बस्ती द्वारा चातुर्मास के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय वेद प्रचार सप्ताह का शुभारंभ कंपनी बाग, बस्ती में हुआ। कार्यक्रम आचार्य सुरेश जोशी एवं पण्डिता रुक्मिणी जोशी (उत्तराखण्ड) के पावन सानिध्य में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर ऋचा मनीष सपरिवार यजमान रहे।
यज्ञ के उपरांत आचार्य सुरेश जोशी ने कहा कि मनुष्य को कर्म करते हुए सौ वर्षों तक जीवन जीने की इच्छा रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परोपकार की भावना से किया गया प्रत्येक कर्म यज्ञ के समान है। वेदों में धर्मनीति, समाजनीति, राजनीति, अर्थनीति, शिल्प, कला-कौशल सहित मनुष्य के जन्म से लेकर मृत्यु तक के विभिन्न कर्तव्यों और संस्कारों का विस्तृत वर्णन मिलता है।
पण्डिता रुक्मिणी जोशी ने अपने भजनोपदेश के माध्यम से निराकार परमात्मा को समझने के विषय पर प्रकाश डाला। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार स्वाद का अनुभव करने के लिए जीभ और खट्टे-मीठे पदार्थों की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार निराकार परमात्मा को जानने और समझने के लिए आत्मायुक्त शरीर माध्यम बनता है।
उन्होंने योग को जीवन का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि योग केवल जीवन पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। योग को अपनाकर व्यक्ति स्वयं आनंदित होने के साथ-साथ समाज को भी स्वस्थ, निरोगी और विचारसम्पन्न बनाने में योगदान दे सकता है।
पण्डिता रुक्मिणी जोशी ने कहा कि वेद किसी एक पंथ, मत या मजहब की उन्नति की बात नहीं करते, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के कल्याण का मार्ग बताते हैं। उन्होंने वेद को सार्वदेशिक, सार्वकालिक और सार्वजनिक बताते हुए विभिन्न प्रमाणों के माध्यम से वेदों को ईश्वरीय ज्ञान बताया।
उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति मनुष्य से डरता है, वह ईश्वर को सर्वव्यापक मानने के बावजूद भयमुक्त नहीं हो पाता। वहीं, जो व्यक्ति ईश्वर के प्रति श्रद्धा और उत्तरदायित्व की भावना रखता है, उसमें अपार आत्मबल पैदा होता है और वह किसी से भयभीत नहीं होता।
आर्य समाज नई बाजार बस्ती के प्रधान ओम प्रकाश आर्य ने कहा कि आर्य समाज का उद्देश्य संसार का उपकार करना तथा मनुष्य की शारीरिक, आत्मिक और सामाजिक उन्नति करना है। इसी उद्देश्य को लेकर सात दिवसीय वेद प्रचार कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम में वेद कुमार आर्य, सुनीता, वेदांशी आर्य, विनोद उपाध्याय, उपेन्द्र आर्य, ओंकार आर्य, आदित्य आर्य, घनश्याम आर्य, दीपक कुमार पाहवा, नीलम, मनमोहन पाहवा, राघव त्रिपाठी, महिमा आर्य, नितीश कुमार, रवि कुमार, सुदर्शन मेहंदीरत्ता, ज्योति रानी, सविता पाहवा, डिम्पल, संगीता सचदेवा, लक्ष्मी मांगो, गीत ठुकराल, आशीष ठुकराल, उमा मेहंदीरत्ता, राधेश्याम आर्य, आयुषी, मानसी आर्य, देवव्रत आर्य सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
गरुणध्वज पाण्डेय
बस्ती

Subscribe to my channel


