देशधर्मबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
रामदेवरा पैदल यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर
गाजे-बाजे के साथ 30 अगस्त को रवाना होगा पैदल यात्रा संघ

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा।
श्री बाबा रामदेव पैदल यात्रा संघ (रामदेव ग्रुप) बालोतरा की ओर से लोक देवता बाबा रामदेव जी के दर्शनार्थ आयोजित होने वाली बालोतरा से रामदेवरा पैदल यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं। आगामी 30 अगस्त रविवार को गाजे-बाजे एवं धार्मिक उल्लास के साथ पैदल यात्रा संघ रामदेवरा के लिए रवाना होगा। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं एवं आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है।
संघ के संदीप कांकरिया ने बताया कि यात्रा को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा, यात्रा मार्ग, ठहराव, भोजन-पानी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार तैयारियां की जा रही हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पैदल यात्रा में शामिल होंगे।उन्होंने बताया कि 30 अगस्त रविवार को सुबह 10 बजे बाबा रामदेव जी की विश्राम स्थली बिठूजाधाम से यात्रा का शुभारंभ होगा। यहां रथ में विराजमान बाबा रामदेव जी की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की जाएगी। इसके बाद संघ बालोतरा शहर की ओर रवाना होगा। बिठूजाधाम से रवाना होकर संघ नगर परिषद की पूर्व सभापति श्रीमती प्रभा सिंघवी के निवास स्थान पहुंचेगा, जहां पूजा-अर्चना एवं आरती के बाद सभी श्रद्धालु डागा गली स्थित बाबा रामदेव जी मंदिर पहुंचेंगे।डागा गली स्थित मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा बाबा रामदेव जी की महाआरती की जाएगी। इसके बाद पैदल यात्रा संघ शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मदन एंड कम्पनी पेट्रोल पंप पहुंचेगा।
जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग दिखाएंगे हरी झंडी:-
मदन एंड कम्पनी पेट्रोल पंप पर आयोजित कार्यक्रम में शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी, पूर्व विधायक मदन प्रजापत, पूर्व सभापति प्रभा सिंघवी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणपत बांठिया, पुष्पराज चोपड़ा, रोहित जैन, कांतिलाल हुंडिया एवं जीतू लुंकड़ सहित अन्य गणमान्य लोग पैदल यात्रा संघ को हरी झंडी दिखाकर रामदेवरा के लिए रवाना करेंगे।
संघ के कांकरिया ने बताया कि श्रद्धालु डीजे की धार्मिक धुनों पर नाचते-गाते तथा बाबा रामदेव जी के जयकारे लगाते हुए रामदेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे। बालोतरा से रवाना होने के बाद संघ का प्रथम दिन का पड़ाव पचपदरा स्थित ओसवाल समाज भवन में रहेगा। इसके बाद यात्रा पाटौदी, रिछोली, शेरगढ़, चांदचमा, लवा एवं पोकरण सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए रामदेवरा पहुंचेगी।रामदेवरा पहुंचने पर श्रद्धालु लोक देवता बाबा रामदेव जी के समाधि स्थल के दर्शन कर बाबा के दरबार में धोक लगाएंगे तथा क्षेत्र एवं देश में सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना करेंगे।यात्रा को लेकर संघ के कार्यकर्ता लगातार बैठकें कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। यात्रा की तैयारियों में अमराराम सुंदेशा, मदनलाल तातेड़, भरत मेहता, नरेश भंडारी, नेनाराम सुंदेशा, मनीष लोढ़ा, रोशन तातेड़, महेंद्र माली, गौतम माली सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग जुटे हुए हैं।
Subscribe to my channel


