बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
हर्षित अध्यात्म जन्मोत्सव पर 2.30 लाख की छात्रवृत्ति, सिलाई मशीन व राशन सामग्री वितरित

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। माहेश्वरी भवन में हर्षित भैया (श्रीकृष्ण) का 20वां अध्यात्म जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जोधपुर, बालोतरा, जसोल, पचपदरा व आस-पास के क्षेत्रों से गणमान्य नागरिकों सहित मणिद्वीप अध्यात्म परिवार के सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत पुष्पवर्षा कर हर्षित भैया के स्वागत के साथ हुई। जन्मोत्सव के अवसर पर शिक्षा एवं सेवा कार्यों के तहत कॉलेज में अध्ययनरत 25 बालिकाओं को 1 लाख 30 हजार रूपये तथा जिले के 6 सरकारी विद्यालयों को 1 लाख रुपए की छात्रवृत्ति के चेक वितरित किए। इसके साथ ही सिलाई मशीनें तथा 30 जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान जोधपुर एवं बालोतरा स्थित हर्षित हवेली में संचालित आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों, महिला स्वावलंबन योजना तथा अन्य सेवा कार्यों पर आधारित डॉक्यूमेंटरी प्रदर्शित की गई। हर्षित जन्मोत्सव की 20 वर्षों की आध्यात्मिक यात्रा की झलक देखकर उपस्थित लोग भावविभोर हो गए। इस दौरान तुषार, हर्षिता डागा व रितिका पूंगलिया ने नृत्य प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर हर्षिता डागा ने कहा कि हर्षित भैया अलौकिक हैं और साधिका मां बसंती मनिहार की दिव्य कृपा से उन्हें भ्राता स्वरूप माना गया है। हर्षित भैया ने चैतन्य स्वरूप में उन्हें सदैव अपनी अनुभूति कराई है और उनके 20 वें जन्मोत्सव का आयोजन उनके लिए खुशी का अवसर है। शिक्षाविद् भूरसिंह ने कहा कि विवेकानंद ट्रस्ट द्वारा शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों से हजारों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। माहेश्वरी समाज पंचायत बालोतरा अध्यक्ष हरिराम भूतड़ा ने कहा कि मणिद्वीप अध्यात्म परिवार ने हजारों लोगों को अध्यात्म और सेवा कार्यों से जोड़ कर उनका जीवन सुगम किया है। नवलकिशोर शारदा ने ट्रस्ट की ओर से शिक्षा एवं संस्कार के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने मनुष्य जन्म के उद्देश्य, सद्गुणों के विकास, ईश्वर के निःस्वार्थ स्मरण, कर्म साधना एवं अध्यात्म धन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बेटियों को संस्कारवान बनाने से भारत पुनः विश्वगुरु बन सकता है। आरती मंत्री ने गृहस्थ जीवन में रहते हुए ईश्वर प्राप्ति, चैतन्य ऊर्जा की पहचान और अवगुणों को दूर कर जीवन को सार्थक बनाने के विषय पर विचार रखे। जितेन्द्र मंत्री ने कहा कि मणिद्वीप ट्रस्ट पिछले 30 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में निरन्तर कार्य करते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। ट्रस्ट की इसी सेवा भावना और शिक्षा-संस्कार के प्रति समर्पण को देखते हुए बालोतरा एवं जसोल के गणमान्य नागरिकों ने सराहनीय पहल करते हुए दोनों स्थानों पर ‘युगप्रवर्तक नन्दकिशोर शारदा मार्ग’ नामकरण किया। कार्यक्रम में लाभान्वित छात्र जयकुमार व दुर्गा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ट्रस्ट के सहयोग से काॅलज शिक्षा में प्रवेश मिला एवं यहां बताई बातों से उनके विचारों में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
इस अवसर पर जोधपुर मणिद्वीप अध्यात्म परिवार 51 सदस्य, बालोतरा माहेश्वरी समाज अध्यक्ष हरिराम भूतड़ा, सचिव चैनसुख राठी, बालोतरा माहेश्वरी तहसील अध्यक्ष भंवरलाल चांडक व सचिव पुखराज राठी, महिला अध्यक्ष अर्चना मालानी, पवित्रा डागा, रामेश्वरलाल भूतड़ा, वकील कैलाश माहेश्वरी, मांगीलाल चांडक, बालोतरा नगर परिषद निवर्तमान सभापति सुमित्रा जैन, जसोल पूर्व सरपंच भंवर भंसाली, दिनेश अलका डागा, रामनारायण मंत्री, अन्य सामाजिक संस्थाओं के अध्यक्ष, सचिव व सदस्य एवं कई गणमान्य नागरिक व बालोतरा मणिद्वीप अध्यात्म परिवार के सदस्य उपस्थित थे। माहेश्वरी समाज के पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम राठी ने शिक्षा हेतु सहयोग राशि का चेक प्रदान किया। जितेन्द्र मंत्री ने उपस्थित आगन्तुकों का धन्यवाद प्रदान किया। मंच संचालन नरेश वैद्य मूथा ने किया।

Subscribe to my channel


