बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराजस्थान
बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाने के लक्ष्य के साथ नवगठित कार्यकारिणी की बैठक आयोजित

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 3 अगस्त।
जिला कांग्रेस कमेटी बीकानेर (शहर) की नवगठित कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुई। जिला प्रवक्ता भीखाराम मेघवाल ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा आगामी निकाय चुनावों की तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी नगर निगम चुनाव कांग्रेस के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क अभियान तेज करने, वार्ड स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने तथा कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी कार्यकर्ताओं की एकजुटता और मेहनत के बल पर आगामी निकाय चुनावों में बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन की मासिक बैठकों में सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है तथा प्रत्येक पदाधिकारी संगठन के प्रति उत्तरदायी है।
संगठन महासचिव रमजान कच्छावा ने कहा कि आगामी निकाय चुनावों को देखते हुए टिकट वितरण, नगर निगम बीकानेर के घोषणा-पत्र, प्रचार-प्रसार समिति, समन्वय समिति सहित विभिन्न समितियों का गठन शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने आगामी निकाय चुनावों की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती, वार्डवार कार्ययोजना तथा जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से अपने विचार रखे।
जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद फारूक एवं हजारीमल देवड़ा ने सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
जिला उपाध्यक्ष दिलीप बांठिया एवं अमरिक सिंह ने कहा कि निकाय चुनावों में जीत सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर पर जीताऊ उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया अभी से प्रारंभ कर दी जानी चाहिए, जिससे बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाया जा सके।
जिला महासचिव सुभाष स्वामी एवं सुशील सुथार ने कहा कि कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के लिए नियमित प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि वे संगठन की विचारधारा और नीतियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचा सकें।
महासचिव सुनीता गौड़ ने आगामी निकाय चुनावों में महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर अपने विचार व्यक्त किए।
वहीं जिला महासचिव मनोज चौधरी एवं जयदीप सिंह जावा ने आगामी चुनावों में सोशल मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए इसे प्रभावी ढंग से उपयोग करने पर जोर दिया।
बैठक में कोषाध्यक्ष मनीष पुरोहित नट्सा, महासचिव योगेश गहलोत, सचिव पूनमचंद नायक, धनपत चायल, नंदू गहलोत, रामनाथ आचार्य, शकील अहमद, सुरेन्द्र सिंह राठौड़, ताहिर हसन कादरी, मुजीब, खेमचंद तेजी, अभिषेक विजय सिंह शेखावत, ब्लॉक अध्यक्ष जाकिर हुसैन नागौरी, एससी विभाग जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल हाटीला, मंडल अध्यक्ष मोहम्मद इस्माइल, मुकेश जोशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भीखाराम मेघवाल (प्रवक्ता)
जिला कांग्रेस कमेटी बीकानेर (शहर)

Subscribe to my channel


