उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी
खीरी: श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की तैयारियों का एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट: वैद्यराज संजय पांडेय,स्टेट हेड, उत्तर प्रदेश
मोबाइल: 7376326175

लखीमपुर खीरी। आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने गोला गोकर्णनाथ शिव मंदिर, भूतनाथ मंदिर, पार्किंग स्थलों, यात्रा मार्गों तथा रूट डायवर्जन एवं यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मंदिर परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल प्वाइंट, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए।
एसपी ने पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण करते हुए पार्किंग क्षमता, प्रवेश एवं निकास मार्ग, संकेतक बोर्ड, प्रकाश व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं और वैकल्पिक मार्गों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर प्रभावी रूट डायवर्जन योजना लागू करने और यातायात को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां एक सप्ताह के भीतर हर हाल में पूरी कर ली जाएं तथा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए। सुरक्षा और यातायात प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ताकि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगमता से अपने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकें।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अमित राय, क्षेत्राधिकारी गोला महक शर्मा, क्षेत्राधिकारी यातायात अभिमन्यु त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक गोला अम्बर सिंह, प्रभारी वीआईपी सेल रमेश पाण्डेय, प्रभारी कांवड़ सेल रवीन्द्र पाण्डेय, यातायात प्रभारी सचिन गंगवार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


