उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़

बस्ती में कांवड़ यात्रा की तैयारियों का मंडलायुक्त व आईजी ने किया स्थलीय निरीक्षण, 7 से 11 अगस्त तक राष्ट्रीय राजमार्ग रहेगा बंद

बस्ती से वेदान्त सिंह

 

बस्ती, 21 जुलाई 2026। आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और दुर्घटनामुक्त बनाने के उद्देश्य से मंडलायुक्त अखिलेश सिंह एवं आईजी संजीव त्यागी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने आयुक्त कार्यालय से बस द्वारा शास्त्री चौक, चेतक तिराहा, भूअर निरंजन, डारीडीहा, श्री भदेश्वर नाथ मंदिर तथा अयोध्या बॉर्डर तक स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

बैठक को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त अखिलेश सिंह ने सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से दुर्घटनामुक्त और सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

मंडलायुक्त ने कांवड़िया संघ के पदाधिकारियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी सभी कांवड़िया संगठनों तक पहुंचाई जाए और उनका पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने श्रद्धालुओं से ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग न करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और ओवरस्पीडिंग से बचने की अपील की। साथ ही यात्रा मार्ग से अवैध अतिक्रमण तथा सड़क किनारे रखी निर्माण सामग्री हटाने के निर्देश भी दिए।

आईजी संजीव त्यागी ने कहा कि प्रशासन द्वारा कांवड़ यात्रियों की सभी समस्याओं का समय पर समाधान किया जाएगा और पूर्व वर्षों की तरह सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कांवड़िया संघों से पंडाल आयोजकों का नाम, पता और मोबाइल नंबर संबंधित उपजिलाधिकारी एवं थाना प्रभारी को उपलब्ध कराने को कहा।

जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बताया कि पूरी यात्रा की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। यात्रा मार्ग को विभिन्न सेक्टरों में बांटकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। जगह-जगह मेडिकल कैंप स्थापित किए जाएंगे तथा सभी स्वास्थ्य केंद्रों को सक्रिय रखा जाएगा। उन्होंने स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, विद्युत पोलों पर नौ फीट तक सुरक्षा पन्नी लगाने, ढीले बिजली तारों को दुरुस्त करने और प्रमुख पड़ाव स्थलों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा अमहट घाट पर मोटर बोट, नाव, तैराक एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा लोक निर्माण विभाग एवं एनएचआई को समय से सड़क मरम्मत एवं गड्ढों की भराई करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान 7 अगस्त की शाम 4 बजे से 11 अगस्त की रात तक राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान यातायात के लिए वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाएगी।

निरीक्षण एवं बैठक के दौरान सीडीओ सार्थक अग्रवाल, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, सीएमओ डॉ. राजीव निगम सहित प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, लोक निर्माण, शिक्षा, परिवहन एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Related Articles

Back to top button