उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
भारतीय बस्ती के 48वें स्थापना दिवस पर एआई के भविष्य पर मंथन, विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियां सम्मानित

( डॉ नवीन सिंह वेदांत टाइम्स/बस्ती टाइम्स 24 )
बस्ती। मंडल मुख्यालय से प्रकाशित दैनिक भारतीय बस्ती का 48वां स्थापना दिवस सोमवार को प्रेस क्लब सभागार में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता, समाजसेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। साथ ही “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) : वरदान या अभिशाप” विषय पर संगोष्ठी आयोजित कर तकनीक के विभिन्न पहलुओं पर व्यापक विमर्श हुआ।
मुख्य अतिथि दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री महेश शुक्ल ने कहा कि एआई आधुनिक युग की महत्वपूर्ण तकनीक है, जिसका उपयोग मानव हित और समाज के कल्याण के लिए होना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों से आह्वान किया कि तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच मानवीय संवेदनाओं और नैतिक मूल्यों की उपेक्षा न होने दें।
संगोष्ठी का विषय प्रवर्तन करते हुए कृष्ण गोपाल अग्रवाल एवं मानस श्रीवास्तव ने कहा कि एआई केवल एक तकनीकी उपकरण है, इसे मनुष्य की चेतना और विवेक पर हावी नहीं होने देना चाहिए। पत्रकारिता में इसका उपयोग रचनात्मकता और तथ्यपरकता बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए।
पूर्व विधायक दयाराम चौधरी ने कहा कि मशीनें कभी भी मनुष्य की संवेदनशीलता और निर्णय क्षमता का विकल्प नहीं बन सकतीं। इसलिए एआई का उपयोग संतुलित और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।
संगोष्ठी को भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र, सिद्धार्थ मिश्र, विनोद उपाध्याय, अरविन्द पाल, जयन्त मिश्र, कृष्णदेव मिश्र, गोपेश्वर त्रिपाठी, डॉ. सत्यव्रत, वागार्थ सांकृत्यायन, कौशल पाण्डेय, जगदीश शुक्ल, अशोक मिश्र, सर्वेष्ट मिश्र, सत्येन्द्र सिंह ‘भोलू’, योगेश शुक्ल, डा. वी.के. वर्मा, प्रेमशंकर ओझा, दशरथ प्रसाद यादव, भानू सिंह, आयुष शुक्ल, त्रिभुवन प्रसाद मिश्र, राजेश प्रताप सिंह ‘बागी’, सुरेन्द्र नाथ द्विवेदी सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित करते हुए एआई तकनीक के लाभ, चुनौतियों और जिम्मेदार उपयोग पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में भारतीय बस्ती के संस्थापक स्व. दिनेश चन्द्र पाण्डेय की स्मृति में विभिन्न सम्मान प्रदान किए गए। दिनेश सिंह, सरदार जगबीर सिंह, प्रवीण पाण्डेय, हरिश्चन्द्र अग्रवाल स्मृति सम्मान से मोहित पाण्डेय, सुरेन्द्र पाण्डेय एवं जितेन्द्र यादव, मो. इब्राहीम स्मृति सम्मान से रवीश मिश्र, वहीद खान एवं आदिल खान, तथा हीरालाल गुप्ता स्मृति सम्मान से सुभाष त्रिपाठी, सन्तोष सिंह एवं हरसरन कौर को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में हरिश्चन्द्र अग्रवाल के पुत्र संजय अग्रवाल, मो. इब्राहीम के पुत्र अरशद, डा. नवीन सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी, शिक्षाविद एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयोजन में जनपद के अनेक गणमान्य नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे स्थापना दिवस समारोह गरिमामय एवं सफल रहा।

Subscribe to my channel


