उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़राजनीति
आम आदमी पार्टी ने किया केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के त्यागपत्र की मांगः राष्ट्रपति को भेजा 4 सूत्रीय ज्ञापन
युवाओं की आवाजों को सुने सरकार- डा. राम सुभाष वर्मा

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती (वेदांत टाइम्स/बस्ती टाइम्स 24)। सोमवार को आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष डा. राम सुभाष वर्मा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने राजधानी दिल्ली के जन्तर-मन्तर पर अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के साथ हुए पुलिस के दुर्व्यवहार और पेपर लीक, युवाओं की मांग, शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के त्याग पत्र सहित 4 सूत्रीय मांगों को लेकर गांधीकला भवन स्थित बापू प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह किया। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया।
ज्ञापन देने के बाद ‘आप’ जिलाध्यक्ष डा. राम सुभाष वर्मा ने कहा कि देश का युवा बेरोजगारी और पेपर लीक जैसी समस्याओं को लेकर बहुत परेशान है। ऐसी स्थिति में सोनम वांगचुक जी का अनशन यह बताता है कि युवाओं के मुद्दों पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है। देश की तरक्की के लिए यह बहुत जरूरी है कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो और उनकी बात सुनी जाए।
आप के जिला प्रभारी कुलदीप जायसवाल, सह प्रभारी पतिराम आजाद, महिला विंग जिलाध्यक्ष मिथलेश भारती ने कहा कि केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान त्याग पत्र दें और युवाओं की मांगों पर विचार कर न्याय की मांग को लेकर धरना, आन्दोलन करने वालों का दमन बंद कराया जाय।
4 सूत्रीय ज्ञापन में सोनम वांगचुक और युवाओं पर हुए लाठीचार्ज और जबरन कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच कराने, देश के छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ रोकने के लिए ‘पेपर लीक’ के खिलाफ सख्त कानून बनाकर और युवाओं के लिए रोजगार के पक्के अवसर सुनिश्चित करने हेतु ठोस नीतियां बनाने, जंतर-मंतर जैसी जगहों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के संवैधानिक अधिकार की रक्षा करने आदि की मांग शामिल है।
ज्ञापन देने वालों में रामसजन सूर्यवंशी, चन्द्रभान कन्नौजिया, आशीष जायसवाल, पुनीता उपाध्याय, अब्दुल कयूम, वीरेन्द्र कुमार यादव, उमेश शर्मा आदि शामिल रहे।

Subscribe to my channel


