उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बभनान में सुबह 6 बजे सड़कों पर उतरे मुख्य राजस्व अधिकारी, सफाई, अतिक्रमण और निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 14 जुलाई 2026। जनपद को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) कीर्ति प्रकाश भारती मंगलवार सुबह 6 बजे नगर पंचायत बभनान पहुंचे और विभिन्न वार्डों एवं मोहल्लों का पैदल भ्रमण कर सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण और विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ उपजिलाधिकारी राजेश यादव, मंडल कार्यक्रम प्रबंधक अमरेन्द्र प्रताप सिंह तथा नगर पंचायत बभनान की अधिशासी अधिकारी कीर्ति सिंह भी मौजूद रहीं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी ने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने नालियों की सफाई, अतिक्रमण और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें रखीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान वार्ड में निर्माणाधीन सीसी रोड का भी निरीक्षण किया गया। मुख्य राजस्व अधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूरे किए जाएं।
सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते समय अधिकांश स्थानों पर व्यवस्था संतोषजनक मिली, लेकिन कुछ जगहों पर नालियों में गंदगी पाए जाने पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी को विशेष अभियान चलाकर बरसात के मौसम में सभी नालियों की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की समस्या न उत्पन्न हो।
बाजार क्षेत्र में सड़क पर अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति मिलने पर मुख्य राजस्व अधिकारी के निर्देश पर मौके पर ही अतिक्रमण हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क और फुटपाथ आम जनता की सुविधा के लिए हैं और किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपजिलाधिकारी राजेश यादव ने भी अधिकारियों को नियमित अभियान चलाकर अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर का भी निरीक्षण किया गया। केंद्र पूरी तरह संचालित न मिलने पर मुख्य राजस्व अधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर इसे पूरी तरह चालू कर ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
अंत में मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ वातावरण और बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए अधिकारियों को फील्ड में रहकर कार्य करना होगा और जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना होगा।

Subscribe to my channel


