उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती: जनपद न्यायाधीश ने बाल संप्रेषण गृह का किया निरीक्षण, बच्चों की सुविधाओं का लिया जायजा

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 29 जून। जनपद न्यायाधीश श्री शमसुल हक के नेतृत्व में सोमवार को राजकीय बाल संप्रेषण गृह (किशोर), पचपेड़िया मार्ग, बस्ती का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री संदीप, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव देवेन्द्र कुमार-प्रथम, प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड श्री राज बाबू, क्षेत्राधिकारी बस्ती सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी तथा उप जिलाधिकारी सदर हिमांशु कुमार भी शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान संप्रेषण गृह, रसोईघर और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने साफ-सफाई की व्यवस्था को संतोषजनक पाया। बच्चों से बातचीत में उन्होंने बताया कि उन्हें समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षक को समिति के निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बच्चों की बेडशीट प्रत्येक सप्ताह के बजाय हर तीन दिन में साफ कराने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान यह भी जानकारी मिली कि संप्रेषण गृह में रह रहे दो किशोरों ने पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है, जिस पर अधिकारियों ने उनकी सराहना की और अन्य बच्चों को भी शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
वर्तमान में बाल संप्रेषण गृह में कुल 97 किशोर निरुद्ध हैं, जिनमें जनपद बस्ती के 28, संतकबीरनगर के 25 तथा सिद्धार्थनगर के 44 किशोर शामिल हैं।
निरीक्षण टीम ने संप्रेषण गृह के सभी कमरों एवं पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया, जहां कोई भी आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। जनपद न्यायाधीश ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए संतुलित आहार, खेल-कूद और मनोरंजन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के मनोरंजन के लिए टीवी पर क्रिकेट मैच दिखाने की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया।

Subscribe to my channel


