उत्तराखंडब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्यहरिद्वार

बहादराबाद में त्रिदिवसीय जिला स्तरीय आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का शुभारंभ

 

 

हरिद्वार, 29 जून। जनपद हरिद्वार के आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र, बहादराबाद में आज त्रिदिवसीय जिला स्तरीय आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी, हरिद्वार डॉ. स्वास्तिक सुरेश द्वारा किया गया।

शिविर के उद्घाटन अवसर पर डॉ. स्वास्तिक सुरेश ने कहा कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। उन्होंने आमजन से आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं जीवनचर्या को अपनाकर निरोग जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा रोगियों को विभिन्न आयुर्वेदिक उपचार एवं परामर्श प्रदान किए गए। इस दौरान डॉ. विशाल प्रभाकर (प्रभारी चिकित्साधिकारी), डॉ. सोरमी सोमकर (एम.एस., शल्य चिकित्सक), डॉ. विजेन्द्र कुशवाह (क्षारसूत्र विशेषज्ञ), डॉ. विकास दुबे (पंचकर्म विशेषज्ञ) तथा डॉ. संजय कुमार ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं दीं।

शिविर में पंचकर्म, अग्निकर्म, जलौकावचारण एवं क्षारसूत्र चिकित्सा सहित विभिन्न आयुर्वेदिक उपचार विधियों के माध्यम से रोगियों का परीक्षण एवं उपचार किया गया। साथ ही रोगियों को आयुर्वेदिक जीवनशैली, संतुलित आहार-विहार तथा रोगों की रोकथाम हेतु आवश्यक परामर्श भी प्रदान किए गए।

औषधि वितरण का कार्य मुख्य फार्मेसी अधिकारी कैलाश भट्ट एवं फार्मेसी अधिकारी शशि कला द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त रोगियों के लिए हीमोग्लोबिन, रक्त शर्करा, रक्तचाप एवं ईसीजी परीक्षण की व्यवस्था भी की गई, जिसका संचालन कंचना एवं शीतल (आयुर्वेदिक परिचारिका) द्वारा किया गया।

शिविर के सुचारू एवं सफल संचालन में गोविंद, सतीश एवं रघुवीर का विशेष योगदान रहा।

शिविर के प्रथम दिवस कुल 135 रोगियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। इनमें आयुर्वेदिक परामर्श, पंचकर्म एवं क्षारसूत्र चिकित्सा के साथ-साथ औषधियों का वितरण भी किया गया।

मीडिया प्रभारी एवं आयुष मिशन विशेषज्ञ डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शिविर आगामी दो दिनों तक, अर्थात 30 जून एवं 01 जुलाई तक निरंतर संचालित रहेगा, जिससे अधिकाधिक जनसामान्य आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button