उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में 1 जुलाई से चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, सीडीओ ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 27 जून 2026। जनपद में संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जुलाई माह में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों के दायित्व निर्धारित करते हुए अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक तथा दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा।
बैठक में बताया गया कि फ्रंटलाइन वर्कर (आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री) घर-घर जाकर बुखार, आईएलआई (इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस), क्षय रोग, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया, कालाजार तथा कुपोषित बच्चों की पहचान करेंगी। लक्षणयुक्त मरीजों का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर ई-कवच पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा ताकि समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
सीडीओ ने कहा कि जुलाई माह में दस्त (डायरिया) के बढ़ते मामलों की संभावना को देखते हुए फ्रंटलाइन वर्कर्स को ओआरएस के पैकेट एवं क्लोरीन की गोलियां उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा मिलावटी एवं गुणवत्ताविहीन खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक का संचालन बायोलॉजिस्ट आर्येंद्र दूबे ने किया। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, डीपीआरओ धनश्याम सागर, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, सभी एमओआईसी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


