बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बालोतरा में गौसेवा और जीवदया का अनूठा अभियान, गौशाला में हरा चारा-गुड़ वितरण, पक्षियों के लिए जल सेवा

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा, 22 जून 2026। मानव जीव दया सेवा समिति एवं महा आशापुरा जैन सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को गौसेवा एवं जीवदया के तहत विभिन्न सेवा कार्य आयोजित किए गए। इस दौरान गौमाता के लिए हरा चारा, गुड़ एवं ठंडे मीठे पानी की व्यवस्था की गई, वहीं पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की भी विशेष व्यवस्था की गई।
मानव जीव दया सेवा समिति के अध्यक्ष हीरालाल प्रजापति ने बताया कि आईनाथ गौशाला में गौमाता के लिए हरा चारा और गुड़ का वितरण किया गया। इसके अलावा गांव जैरला स्थित सती माता ओखी देवी मंदिर परिसर में पशु-पक्षियों के लिए दो बोरी ज्वार, गौमाता के लिए दो पेटी गुड़ तथा ठंडे मीठे जल की दो पानी की टंकियां रखवाई गईं। पक्षियों की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में सीमेंट की छोटी-छोटी जल टंकियां स्थापित की गईं तथा पेड़ों पर परिंडे भी लगाए गए।
समिति के सदस्य जिनु भाई जैन ने कहा कि गौसेवा को भारतीय संस्कृति में सबसे बड़ा पुण्य और धर्म माना गया है। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ भाव से पशु-पक्षियों की सेवा करने से मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक शक्ति प्राप्त होती है। दाना-पानी एवं जल सेवा जैसे कार्य न केवल पुण्यदायी हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता को भी बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर महा आशापुरा जैन सेवा संस्थान के मंत्री जवेरीलाल मेहता, कोषाध्यक्ष दौलतराज सिधवी तथा सती माता मंदिर के पुजारी विक्रम गिरी सहित कई गौभक्त उपस्थित रहे। पुजारी विक्रम गिरी ने कहा कि मंदिर परिसर में मोर, कबूतर, तोते सहित विभिन्न पक्षी निवास करते हैं, जिनके लिए गर्मी के मौसम में जल सेवा की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने सेवा कार्य में सहयोग देने वाले सभी गौभक्तों एवं संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
सेवा कार्यक्रम के माध्यम से गौसंरक्षण, जीवदया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा समाज से ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई।

Subscribe to my channel


