देशबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

नाकोड़ा में योग के साथ लोकतंत्र का संदेश, ‘योग भी-वोट भी’ कार्यक्रम आयोजित

मताधिकार के प्रति जागरूकता का दिया संदेश, लोकतंत्र को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

 ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध नाकोड़ा तीर्थ में आयोजित जिला स्तरीय योग कार्यक्रम के बाद लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘योग भी-वोट भी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन और मतदान के माध्यम से सशक्त लोकतंत्र का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं जिले के प्रभारी सचिव श्री हरजीलाल अटल ने उपस्थित नागरिकों को लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा आगामी चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने का संकल्प भी दिलाया। उन्होने कहा कि जिस प्रकार योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाता है, उसी प्रकार मतदान लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक और जागरूक मतदाता किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, मतदान संबंधी प्रक्रियाओं और निर्वाचन आयोग की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही नए पात्र युवाओं को मतदाता पंजीकरण कराने तथा अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. अरुण चौधरी, जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव, अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, महिला समूह, स्वयंसेवी संगठन तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button