उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़वाराणसी
एक सप्ताह सफलतापूर्वक पूरा, 21 जून तक जारी रहेगा निःशुल्क ऑनलाइन योग सत्र

वेदान्त सिंह की रिपोर्ट
वाराणसी। इंडियन योग एसोसिएशन (आईवाईए) के तत्वावधान में तथा चैतन्य योग सेवा संस्था, वाराणसी द्वारा संचालित निःशुल्क ऑनलाइन योग सत्र का पहला सप्ताह सफलतापूर्वक पूर्ण हो गया है। योग के प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक लोगों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस विशेष कार्यक्रम को प्रतिभागियों का उत्साहजनक समर्थन मिल रहा है।
आईवाईए पूर्वी जोन के सचिव योगाचार्य आशीष टंडन ने बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में योग साधक ऑनलाइन सत्र में शामिल होकर योगासन, प्राणायाम, ध्यान और योग के व्यावहारिक सिद्धांतों का अभ्यास कर रहे हैं। नियमित योगाभ्यास से प्रतिभागियों को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्तर पर सकारात्मक लाभ प्राप्त हो रहे हैं।
सत्र के दौरान प्रशिक्षकों ने योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर देते हुए कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक विकास और संतुलित जीवनशैली की आधारशिला भी है। उन्होंने नियमित योगाभ्यास के महत्व को विस्तार से समझाया और सभी प्रतिभागियों को इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
संस्था के अनुसार यह निःशुल्क ऑनलाइन योग सत्र आगामी 21 जून 2026, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़कर उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक और संतुलित जीवन की ओर प्रेरित करना है।
चैतन्य योग सेवा संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था योग के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता, सकारात्मक जीवनशैली और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। भविष्य में भी जनहित को ध्यान में रखते हुए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

Subscribe to my channel

